Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्री मणिमहेश यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफ़लाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू

August 20, 2024

श्री मणिमहेश यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफ़लाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू

भरमौर: अध्यक्ष श्री मणिमहेश न्यास व कार्यवाहक अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि आधिकारिक तौर पर श्री मणिमहेश यात्रा – 2024, 26 अगस्त से शुरू होकर 11 सितंबर तक संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि यात्रियों को पंजीकरण हेतु ऑनलाइन व  ऑफलाइन की सुविधा प्रदान की जा रही है। यात्री मणिमहेश न्यास की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन करके स्वयं भी पंजीकरण कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण सुविधा www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया की यात्रा के दौरान ऑफलाइन पंजीकरण हेतु श्री मणिमहेश न्यास भरमौर की ओर से विभिन्न स्थानों चौगान नम्बर 1 चंबा ( मिंजर  मंच) , गुज्जर आश्रम कलसूंई , साडा वाणिज्य परिसर भरमौर,  भरमाणी मन्दिर  परिसर, प्रंघाला नजदीक वन्यजीव विभाग  भवन, सुविधा केन्द्र गुईनाला और त्यारी तहसील होली पर यात्रियों के लिए पंजीकरण केन्द्रों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा पर जाने वाले यात्रियों से आग्रह रहेगा कि यात्रा हेतु पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि बिना पंजीकरण के किसी भी यात्री को किसी भी बेस कैंप से वापिस किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पंजीकरण का उद्देश्य आगंतुकों  के बारे में सटीक जानकारी प्राप्त करना है , जो आपदा और कानून व्यवस्था प्रबंधन के साथ-साथ आरामदायक और सुरक्षित यात्रा के लिए उपयुक्त व्यवस्था करने की दृष्टिकोण से आवश्यक है ।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण से यात्रा करने वाली यात्रियों की संख्या की सही जानकारी प्राप्त होती है , जिससे सरकार व प्रशासन को भविष्य में इस यात्रा हेतु प्रभावी योजना बनाने व निर्णय लेने में सहायता प्राप्त होती है। कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि पंजीकरण हेतु प्रति यात्री से 20 रूपए पंजीकरण शुल्क व स्वच्छता शुल्क के रूप में लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण शुल्क व स्वच्छता शुल्क यात्रा के विभिन्न पड़ावों  में बनाए गए स्थाई व अस्थाई शौचालयों के रख – रखाब , मुरम्मत  ,पानी की व्यवस्था, साफ -सफाई की व्यवस्था और यात्रा के दौरान प्लास्टिक कूड़े को  एकत्रित करके वैज्ञानिक तरीके से उसके निष्पादन करने के ऊपर खर्च होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि माननीय उच्च न्यायालय हिमाचल प्रदेश में सुलेमान बनाम हिमाचल प्रदेश सरकार मामले में यात्रा के दौरान प्रवेश द्वार लगाए जाने तथा यात्रियों की गिनती सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए हैं । इसके अंतर्गत यात्रियों को पंजीकरण करवाना अनिवार्य है ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें