Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

July 17, 2026

पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अहम पहल शुरू करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राज्य के युवाओं को प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण, शारीरिक दक्षता अभ्यास और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 800 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 9 जुलाई 2026 को अधिसूचना जारी की गई थी। इसी भर्ती को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अभ्यर्थियों को तैयारी में सहायता देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवा मेहनती, प्रतिभाशाली और अनुशासित हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को केवल रोजगार के अवसर ही नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए जरूरी संसाधन और सही दिशा-निर्देशन भी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति या दूरदराज क्षेत्र में रहने के कारण किसी योग्य युवा को अवसरों से वंचित नहीं होना चाहिए।

इस संबंध में मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि राज्य की सभी सशस्त्र पुलिस वाहिनियों के माध्यम से इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक दक्षता परीक्षा का अभ्यास, भर्ती प्रक्रिया की जानकारी, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और प्रेरणात्मक सत्र शामिल होंगे।

प्रशिक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। सरकार का मानना है कि इस पहल से खासकर ग्रामीण, दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को काफी लाभ मिलेगा, जहां अक्सर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुविधाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस प्रयास से हिमाचल प्रदेश पुलिस में अधिक संख्या में स्थानीय युवाओं का चयन होगा और विभाग को योग्य, अनुशासित तथा जनसेवा के प्रति समर्पित पुलिसकर्मी मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा राज्य की सबसे बड़ी ताकत हैं और सरकार उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। युवाओं को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध करवाना और उन्हें समाज व राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

हिमाचल प्रदेश पुलिस जल्द ही इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी जारी करेगी। इसमें प्रशिक्षण केंद्रों, समय-सारिणी और पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित विवरण शामिल होंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे जिला पुलिस कार्यालय, नजदीकी सशस्त्र पुलिस वाहिनी और पुलिस विभाग के आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली सूचनाओं पर नजर रखें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें