मंडी : मंडी पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में हरियाणा के सोनीपत जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस थाना सदर मंडी की टीम ने शिला किप्पड़ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान केलांग–मनाली–धर्मशाला रूट पर चल रही निजी बस HP 53D-9077 की तलाशी ली।
शक के आधार पर तीन यात्रियों की जांच की गई, जिनके कब्जे से 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार और अमित, सभी निवासी जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को शनिवार को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किस स्थान पर की जानी थी। साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एसपी ने आम जनता से भी अपील की कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या किसी अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।