Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय डाक विभाग का ऐतिहासिक कदम, ड्रोन से डिलीवर किया गया राष्ट्रीय ध्वज

मंडी (हिमाचल प्रदेश): 79वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय डाक विभाग ने एक नया इतिहास रच दिया है। विभाग ने पहली बार ड्रोन तकनीक का उपयोग करते हुए भारत के राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) को सफलता पूर्वक प्रेषित कर उसकी डिलीवरी की। यह ऐतिहासिक उड़ान मंडी प्रधान डाकघर से रेहड़धार शाखा डाकघर तक आयोजित की गई, जो दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में डाक सेवाओं के एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है।

इस विशेष अवसर पर ड्रोन के माध्यम से प्रेषित भारत के राष्ट्रीय ध्वज को क्षेत्र के प्रतिष्ठित नागरिक एवं सेना के सेवानिवृत्त आनरेरी सूबेदार मेजर करतार सिंह को अत्यंत सम्मानपूर्वक डिलीवर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिमोट का बटन दबाकर किया। ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया केंद्रीय संचार मंत्री ने सन्देश देते हुए कहा कि  तकनीक के माध्यम से डाक सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ तथा जनसुलभ बनाने की दिशा में यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं क्रांतिकारी कदम है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि देश के दुर्गम इलाकों में त्वरित डाक वितरण सेवा सुनिश्चित करने के लिए इसे एक ‘पायलट प्रोजेक्ट’ के रूप में शुरू किया गया है, जिसके शुरुआती परिणाम बेहद उत्साहजनक रहे हैं। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह, निदेशक डाक सेवाएं हरजिंदर सिंह भट्टी, उप-अधीक्षक डाकघर (मंडी मंडल) संजय कुमार और मंडी प्रधान डाकघर की पोस्टमास्टर नेहा सांख्यान उपस्थित रहे।

📍 Location: Mandi (Mandi)

Exit mobile version