Site icon Dainik Savera Times

गांधी जयंती पर शिमला में निकाली जाएगी प्रभात फेरी

शिमला: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शिमला में प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। प्रभात फेरी की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि 2 अक्टूबर को प्रातः 6 बजे लाल बहादुर शास्त्री चौक, केंद्रीय तारघर से प्रभात फेरी शुरू होगी। प्रभात फेरी लोअर बाजार से होते हुए शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट के रास्ते रिज मैदान पहुंचेगी, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप इसका समापन किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभात फेरी के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जयंती हमें सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और राष्ट्रसेवा के उनके संदेश को आत्मसात करने की प्रेरणा देती है।

प्रभात फेरी में विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान गांधी जी के प्रिय भजनों एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से उनके विचारों और आदर्शों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उपायुक्त ने जिला के लोगों से अपील की कि वे गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित प्रभात फेरी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके बताए सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संकल्प लें।

इस मौके पर पंकज शर्मा अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था, ज्ञान सागर नेगी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल, एसडीएम शहरी सन्नी शर्मा, डीएसपी हेडक्वार्टर विक्रम चौहान, जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version