हिमाचलः एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों डिग्री, गोल्ड मेडल और ट्रॉफी प्राप्त करने वाले टॉपर छात्र-छात्राएं बेहद उत्साहित नजर आए। छात्रों ने राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त करने के पल को अपने जीवन का यादगार अवसर बताते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है।
दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एम्स बिलासपुर से विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने एम्स से पास आउट होने वाले चिकित्सकों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से समाजसेवा को प्राथमिकता देने तथा पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से एम्स के ब्रांड को आदर्श मानते हुए सच्ची लगन, सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने की अपील की।

एम्स बिलासपुर में एमडी सामुदायिक चिकित्सा में प्रतीक गोयल ने टॉप किया। वहीं एमबीबीएस में रक्षित वशिष्ठ और सागरिका अग्रवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। बीएससी नर्सिंग ऑनर्स में भव्या मल्होत्रा और पैरामेडिकल में भावना ठकराल ने टॉप कर अपने परिवार और संस्थान का नाम रोशन किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद टॉपर छात्रों ने कहा कि राष्ट्रपति के हाथों डिग्री और गोल्ड मेडल मिलना उनके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने समाजसेवा और पहाड़ी क्षेत्रों में सेवाएं देने की जो अपील की है, उसे वे अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे।

छात्रों ने कहा कि चिकित्सक के रूप में उनका उद्देश्य केवल अपने करियर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना और सेवा भावना के साथ चिकित्सक धर्म का पालन करना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...