Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल में बारिश बनी मुसीबत, कई जिलों में मची तबाही… जनजीवन प्रभावित

September 18, 2025

हिमाचल में बारिश बनी मुसीबत, कई जिलों में मची तबाही… जनजीवन प्रभावित

Himachal landslide : हिमाचल प्रदेश इन दिनों भारी बारिश की मार झेल रहा है, जिससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही वर्षा के चलते प्रदेश के कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सैकड़ों सड़कें बंद हो गई हैं और यातायात ठप हो गया है।

बिलासपुर में सबसे अधिक तबाही

बिलासपुर जिला इस प्राकृतिक आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। बीती रात मूसलधार बारिश ने जिले के कई हिस्सों में तबाही मचा दी। वहीं शहर की सिनेमा कॉलोनी और मुख्य बाजार की सड़कें नदियों में तब्दील हो गईं। बता दें कि चेतना चौक, चंपा पार्क और बस स्टैंड क्षेत्र की दुकानों में पानी घुस जाने से व्यापारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। वहीं भूस्खलन की वजह से जिले की अनेक ग्रामीण सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। गांवों का संपर्क मुख्य शहरों से टूट गया है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन और आपूर्ति की दिक्कतें हो रही हैं। कई क्षेत्रों में बिजली और संचार सेवाएं भी बाधित हुई हैं।

मुख्य राजमार्ग भी बंद

किरतपुर-मनाली फोरलेन पर समलेटू के पास हुए भूस्खलन के कारण दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। झंडूता के बागछाल पुल के पास भी भारी मलबा गिरने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। लोक निर्माण विभाग की टीमें लगातार मार्ग खोलने के प्रयास में जुटी हैं, लेकिन बारिश के चलते राहत कार्यों में रुकावटें आ रही हैं। हालांकि बारिश का असर केवल हिमाचल तक सीमित नहीं रहा। उत्तराखंड के ऋषिकेश में भी भारी बारिश के बाद मलबा आने से हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की बसें फंस गई हैं। इससे यात्री कई घंटों तक फंसे रहे।

प्रशासन की अपील: सतर्क रहें, वैकल्पिक मार्ग अपनाएं

प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में न जाएं और प्रशासन द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित सड़कों को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें