केलांग: उपमंडल अधिकारी नागरिक कुनिका एकर्स ने जानकारी देते हुए बताया कि मयाड क्षेत्र करपट में हाल ही में आई बाढ़ की स्थिति के बाद राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं। वर्तमान में नाले का जलस्तर प्राकृतिक रूप से धीरे-धीरे कम हो रहा है, जिससे क्षेत्र में स्थिति में सुधार हो रहा है। प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक खाद्य सामग्री, चिकित्सा सहायता एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि करपट गांव में कुल 95 लोग मौजूद थे। इनमें से 92 लोग, जिनमें 7 नेपाली नागरिक भी शामिल हैं, बाढ़ की घटना से पहले ही अपने घर खाली कर राहत शिविर में सुरक्षित स्थानांतरित हो चुके थे। गांव में शेष तीन लोग, जिनमें दो चरवाहे तथा एक स्थानीय महिला शामिल थी, फंसे हुए थे। स्थानीय महिला को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि दोनों चरवाहों को भेड़-बकरियों/पशुधन के चराने से लौटने के बाद शाम के समय झूला के माध्यम से सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था की गई है। राहत शिविर में प्रभावित लोगों के लिए भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है।
नायब तहसीलदार विनय रशपा एवं राजस्व विभाग की टीम ने आज प्रातः राहत शिविर के लिए आवश्यक राशन सामग्री उपलब्ध करवाई गई, जिसमें 120 किलोग्राम चावल, 80 किलोग्राम आटा, 10 किलोग्राम दाल, 2 लीटर खाद्य तेल, 2 किलोग्राम हल्दी, 2 किलोग्राम नमक, 5 किलोग्राम प्याज तथा 4 किलोग्राम टमाटर शामिल हैं। करपट गांव में फंसे दोनों चरवाहों के लिए झूला के माध्यम से भोजन भी भेजा गया है।
कुनिका एकर्स ने बताया कि करपट पुल अभी भी पानी में डूबा हुआ है, हालांकि जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आ रही है। झूला भी कुछ ढीला हुआ है, जिसकी मरम्मत का कार्य जारी है। इसके आज शाम तक ठीक होने की उम्मीद है। इसके बाद ग्रामीणों को गांव और अपने खेतों के बीच आवश्यक आवागमन में सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा कुछ आवश्यक स्थानीय दवाइयों की मांग की गई है, जिन्हें उपलब्ध करवाया जा रहा है। वहीं, पटवारी से प्राप्त सूचना के अनुसार पांच मकानों के संबंध में अभी तक किसी प्रकार की क्षति अथवा अन्य सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
मयाड मुख्य सड़क वर्तमान में 22.600 किलोमीटर तक यातायात के लिए खुली है। उडगोस नाला पुल की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है, हालांकि पुल को पूरी तरह यातायात के लिए खोलने से पहले आवश्यक सेटिंग के लिए कुछ समय देना होगा। उम्मीद है कि अगले दो दिनों में पुल को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। धुंधल नाला में झूला ठीक है ,इसके अतिरिक्त सड़क मार्ग से वाहनों की आवाजाही भी जारी है हालांकि, नाले में जलस्तर लगातार बढ़ने की स्थिति में सड़क को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी फिलहाल अस्थिर बनी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
📍 Location: Lahual (Lahual)
मेष: दिन शुभ रहेगा...