Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल में TGT शिक्षकों को राहत, जल्द जारी होंगे नए तबादला आदेश

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने टीजीटी शिक्षकों के तबादलों को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। युक्तिकरण प्रक्रिया के चलते जबरन स्थानांतरित किए गए शिक्षकों को अब राहत मिलने वाली है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर शिक्षा विभाग जल्द ही नए तबादला आदेश जारी करेगा।

बताया जा रहा है कि युक्तिकरण के बाद कई टीजीटी शिक्षक बिना पसंदीदा स्टेशन के चयन का अवसर पाए सीधे नए स्थानों पर ज्वाइन करने को मजबूर हो गए थे। वहीं, कुछ शिक्षकों ने नई पोस्टिंग पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया था। इस मुद्दे को लेकर प्रभावित शिक्षकों ने सरकार के समक्ष अपना पक्ष भी रखा था।

-CM सुक्खू ने जारी किए नए निर्देश

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ज्वाइन कर चुके शिक्षकों के भी तबादला आदेश निलंबित किए जाएं, ताकि सबके साथ समान व्यवहार हो। इससे पहले 11 अप्रैल को सरकार ने उन शिक्षकों के तबादला आदेश निलंबित किए थे, जिन्होंने नए स्थानों पर कार्यभार नहीं संभाला था।

-TGT शिक्षकों को मिलेगा सीधा लाभ

सरकार के इस फैसले से लगभग 250 से अधिक टीजीटी शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा, जिन्होंने 7 अप्रैल के बाद पांच दिनों के भीतर अपने नए स्थानों पर ज्वाइन कर लिया था। अब सभी प्रभावित शिक्षकों के लिए नई तबादला सूची तैयार की जाएगी और जल्द ही इसे जारी किया जाएगा। सरकार का यह कदम शिक्षकों में व्याप्त असंतोष को दूर करने और शिक्षा व्यवस्था में स्थिरता बनाए रखने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी: इन सस्ते रिचार्ज प्लान्स में फ्री मिलेगा JioHotstar एक्सेस; कम खर्च में देखें लाइव IPL 2026 मैच

Exit mobile version