Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लेकर कुल्लू में समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

August 12, 2026

स्वास्थ्य कार्यक्रमों को लेकर कुल्लू में समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

कुल्लू: जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और अभियानों की प्रगति का जायजा लिया गया।

बैठक के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण तथा गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली प्रसवपूर्व देखभाल की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही HIV/AIDS, क्षय रोग, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, नशा मुक्ति कार्यक्रम और नशा मुक्त भारत अभियान की प्रगति भी अधिकारियों से जानी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। इस दौरान तंबाकू उत्पादों के खिलाफ की गई कार्रवाई, चालान और क्षेत्र स्तर पर निगरानी से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली गई।

बैठक में आगामी युवा दिवस अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक गतिविधियों को समय पर पूरा करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के साथ-साथ क्षेत्र स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सभी खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में समन्वय मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें