Site icon Dainik Savera Times

Himachal: रोहड़ू में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ज्वेलरी दुकानों से तेंदुए के 85 नाखून और 5 दांत बरामद

Himachal News

Himachal News

हिमाचल डेस्कः शिमला जिले के रोहड़ू में वन्यजीव संरक्षण को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वेलरी की दुकानों पर छापेमारी की है। मंगलवार को दिन के समय की गई इस कार्रवाई में विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों से तेंदुए के 85 नाखून और 5 दांत बरामद किए हैं।

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि रोहड़ू शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में स्थित कुछ ज्वेलरी दुकानों में प्रतिबंधित वन्यजीव अंगों का अवैध रूप से कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर की गई जांच के दौरान छह ज्वेलरों के पास से तेंदुए के नाखून और दांत पाए गए, जिन्हें अवैध रूप से रखा गया था।

ये भी पढ़ें :-

डीएफओ रोहड़ू रवि शंकर शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद सामग्री को कब्जे में ले लिया गया है और संबंधित दुकानदारों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि तेंदुआ संरक्षित वन्यजीव है और इसके अंगों का रखना या बेचना कानूनन गंभीर अपराध है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ ज्वेलर इन नाखूनों और दांतों का उपयोग ताबीज, लॉकेट और अन्य आभूषणों में सजावट के लिए करते थे, जिन्हें लोग अंधविश्वास के चलते खरीदते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के उत्पादों से दूरी बनाए रखें और यदि कहीं भी अवैध वन्यजीव व्यापार की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें।

वन विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में छापेमारी अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

ये भी देखें :-

Exit mobile version