Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

फागु ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

October 12, 2026

फागु ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

शिमला। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सोमवार को फागु स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में ईवीएम मशीनों की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों तथा प्रवेश एवं निकास रजिस्टर की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी प्राप्त की और कहा कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

अनुपम कश्यप ने निर्देश दिए कि वेयरहाउस में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार ही ईवीएम वेयरहाउस को खोला और बंद किया जाए। साथ ही प्रवेश-निकास से संबंधित सभी रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश भी दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना निर्वाचन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में ईवीएम और अन्य निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा कर्मियों से भी सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था और सुरक्षा प्रोटोकॉल की नियमित जांच करने को कहा, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, एसडीएम ठियोग डॉ. शंशाक गुप्ता, तहसीलदार संजीव शर्मा, निर्वाचन विभाग के अधिकारी तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें