शिमला: स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI), हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी द्वारा सोलन स्थित अग्रवाल धर्मशाला (ओल्ड बस स्टैंड के समीप) में राज्य स्तरीय छात्रा अधिवेशन सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अधिवेशन में प्रदेश के लगभग 120 शिक्षण संस्थानों एवं महाविद्यालयों से 150 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। अधिवेशन में छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, समानता, नेतृत्व, प्रतिनिधित्व तथा हिमाचल प्रदेश में छात्रा आंदोलन को मजबूत करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिवेशन की शुरुआत शहीदों एवं छात्र आंदोलन के संघर्षशील साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई। सम्मेलन मंच का नाम ” सिया गुलेरिया मंच” रखा गया, जो साथी सिया गुलेरिया की स्मृति को समर्पित था। साथी सिया गुलेरिया का जीवन एक नशेड़ी द्वारा किए गए घातक हमले के कारण असमय समाप्त हो गया था। छात्र आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका और संघर्षशील जीवन को याद करते हुए अधिवेशन ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करी। अधिवेशन स्थल के हॉल का नाम “बलराज भलूणी हॉल” रखा गया। बलराज भालूणी एक प्रख्यात शिक्षाविद् थे जिन्होंने समाज में जनशिक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अधिवेशन ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अधिवेशन में प्रदेशभर की छात्राओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और अनुभवों को साझा किया। छात्राओं की शिक्षा के सामने बढ़ती चुनौतियों, शिक्षण संस्थानों में लैंगिक भेदभाव, छात्रावासों की कमी, सुरक्षा संबंधी प्रश्नों, बढ़ती फीस, शिक्षा के निजीकरण, सार्वजनिक परिवहन की समस्याओं तथा परिसर में लोकतांत्रिक अधिकारों के सवालों पर गंभीर चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने इस बात पर बल दिया कि छात्राओं की समान एवं सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतांत्रिक छात्र आंदोलन को मजबूत नहीं किया जा सकता।
अधिवेशन में प्रदेश के विभिन्न जिलों में छात्रा उप-समितियों के विस्तार, नए शिक्षण संस्थानों में संगठन निर्माण, छात्राओं के मुद्दों पर संघर्षों को तेज करने तथा राज्य स्तर पर छात्रा आंदोलन को संगठित रूप से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। साथ ही छात्राओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा, नशे के प्रसार, शिक्षा के व्यापारीकरण और पितृसत्तात्मक सोच के विरुद्ध व्यापक जनअभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया।
अधिवेशन के दौरान 25 सदस्यीय राज्य छात्रा उप-समिति का भी निर्वाचन किया गया। इस उप-समिति में साथी कोमल, निशुति, सोनिया, वीणा, हेमलता, गरिमा, मुस्कान, कृतिका, रेनुका, पूजा, अंकिता, ईशा तथा तन्वी को सदस्य के रूप में चुना गया। अधिवेशन ने सर्वसम्मति से साथी पूजा को उप-समिति का संयोजक (Convenor) तथा साथी कृतिका को सह-संयोजक (Co-Convenor) निर्वाचित किया। नवगठित उप-समिति को प्रदेशभर में छात्राओं के संगठनात्मक विस्तार, नेतृत्व निर्माण तथा छात्रा आंदोलन को सशक्त बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
SFI हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी ने इस सफल अधिवेशन में भाग लेने वाली सभी छात्राओं, प्रतिनिधियों तथा सहयोगी साथियों का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि यह अधिवेशन प्रदेश में छात्राओं के लोकतांत्रिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और धर्मनिरपेक्ष आंदोलन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)