Site icon Dainik Savera Times

कार खाई में गिरने से शौर्य चक्र विजेता नौसेना इंजीनियर अमित राणा की मौत

ज्वालामुखी/सुजानपुर : कांगड़ा जिले में खुंडियां के धार लाहडू के भारतीय नौसेना में मार्कोस कमांडो एवं शौर्य चक्र विजेता नौजवान सैनिक अमित कुमार की सड़क दुर्घटना में दु:खद मौत हो जाने से गांव में सन्नाटा छा गया। दुर्घटना स्थल से उसका घर महज एक किलोमीटर दूर था कि उसकी गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। भारतीय नौसेना के मार्कोस कमांडो अमित राणा (32) मैकेनिकल इंजीनियर थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन साल का बेटा और माता-पिता हैं। पिता नायब सूबेदार केवल सिंह राणा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं।

मंगलवार दोपहर बाद अमित का अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके बेटे यशवान सिंह ने मुखाग्नि दी। बताते हैं कि जम्मू कश्मीर में 2018 में विदेशी आतंकियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन दन्ना के दौरान उन्होंने लेफ्टिनेंट कमांडर महेश कुमार को कवर देते हुए बहुत करीब से एक आतंकवादी को मार गिराया था। दोनों अफसरों ने इस ऑपरेशन में आतंकियों का सफाया कर दिया था। ऑपरेशन शोक बाबा में भी कमांडो अमित राणा ने दुश्मनों के दांत खट्टे कर दिए थे। अमित राणा ने गोलीबारी के बीच जान पर खेलकर आतंकियों के ठिकाने पर आईईडी लगाया। नतीजा यह रहा कि तीन आतंकवादी मारे गए थे। उन्हें 2019 में देश का तीसरा सबसे बड़ा शांतिकाल का वीरता पुरस्कार शौर्य चक्र मिला था।

खुंडियां के पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष सेवानिवृत कर्नल एम.एस. राणा, खुंडियां भाजपा मण्डल अध्यक्ष संजय राणा, सिलह कुराल के नवनिर्वाचित उपप्रधान प्रताप सिंह राणा, नवनिर्वाचित जिला परिषद् बिक्रम (बिक्कू) ,सूबेदार हरभजन राणा, सूबेदार पवन, सूबेदार बख्शी, सूबेदार दलीप, सूबेदार अजय, सूबेदार सुशील, नायब सूबेदार अमर सिंह, देहरू पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान राजकुमार राणा व देवो चौधरी आदि ने शहीद सैनिक अमित कुमार राणा को श्रद्धांजलि अर्पित की है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Exit mobile version