Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

मंडी में घर में सो रहे भाई-बहन को सांप ने डंसा, अस्पताल में मौत

September 13, 2026

मंडी में घर में सो रहे भाई-बहन को सांप ने डंसा, अस्पताल में मौत

मंडी : मंडी जिला के कोटली क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां जहरीले सांप के डसने से दो सगे भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय काव्या और 6 वर्षीय नक्ष के रूप में हुई है। दोनों ग्राम पंचायत सेहली, तहसील कोटली के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार 12 सितंबर की सुबह करीब 7:26 बजे लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक से सूचना मिली कि दोनों बच्चों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी से नेरचौक रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार 11 सितंबर की शाम दोनों बच्चे करीब 3 बजे घर पहुंचे थे। उन्होंने परिवार के साथ खाना खाया और घर में खेलते रहे। रात करीब 8 बजे बच्चों ने मां के साथ खाना खाया और इसके बाद टीवी देखने लगे। रात करीब साढ़े 8 बजे पिता भी घर पहुंचे और परिवार ने साथ बैठकर टीवी देखा। करीब साढ़े 9 बजे दोनों बच्चे सोने के लिए चले गए और कुछ समय बाद माता-पिता भी सो गए। 12 सितंबर की तड़के करीब ढाई बजे बेटी काव्या ने पेट में दर्द की शिकायत की।

माता-पिता ने लाइट जलाकर उसे देखा। कुछ देर बाद बेटे नक्ष ने भी पेट में दर्द होने की बात कही। करीब आधे घंटे बाद काव्या को उल्टियां होने लगीं और वह दर्द से रोने लगी। इसके करीब पांच मिनट बाद नक्ष की भी तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान परिवार की नजर घर के दरवाजे के पास रेंग रहे एक बड़े काले सांप पर पड़ी। परिवार ने काफी मशक्कत के बाद सांप को वहां से बाहर निकाला।

इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि दोनों बच्चों को सांप ने डसा है। परिजन तुरंत दोनों बच्चों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी ले गए, जहां से उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि नेरचौक पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को ब्रॉट डेड घोषित कर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें