Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

सिसोदिया तो झांकी है, केजरीवाल अभी बाकी है: BJP

May 8, 2023

सिसोदिया तो झांकी है, केजरीवाल अभी बाकी है: BJP

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार का पर्याय और शराब घोटाले का ‘किंगपिन’ करार दिया है और कहा है कि केजरीवाल भी जल्द ही कानून के शिकंजे में आएंगे। भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को यहां पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल बहुत घबराए हुए हैं। इतने घबराए हुए हैं कि झूठी प्रेस कॉन्फ्रेंस करवा रहे हैं। वह भ्रष्टाचारी तो हैं ही। इसके साथ ही जनता को भ्रमित करने के लिए झूठी प्रेस कॉन्फ्रेंस करवा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल शराब के घोटाले में इस कदर डूब रहे हैं कि वह इधर-उधर की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मनीष सिसोदिया तो झांकी है। अरविंद केजरीवाल अभी बाकी है।’ उन्होंने कहा कि गत छह मई को एक सह-आरोपी की जमानत मंजूर होती है और‘आप’के सारे प्रवक्ता बाहर आकर कह देते हैं कि कोई सबूत नहीं है।

भाटिया ने कहा कि किसी भी अभियुक्त की जमानत का आदेश उन्हीं के लिए होता है, ये कोई अंतिम फैसला नहीं होता है। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि राजेश जोशी किसी मीटिंग में नहीं गए, इसलिए और उन्होंने मनीष सिसोदिया को कोई पे-बैक नहीं दिया… इसलिए यह जमानत मंजूर की गई। इस पर आप के सांसद संजय सिंह ने कहा कि- अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कोई सबूत नहीं है और इसीलिए राजेश जोशी की जमानत मंजूर की गयी है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आप न्यायालय का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय को संज्ञान लेना चाहिए कि एक लंबित मामले में मनीष सिसोदिया, जो खुद मुख्य आरोपी हैं, उनकी पार्टी कहती है कि इस मामले में कुछ है नहीं जबकि उनकी जमानत अभी लंबित है। उच्चतम न्यायालय, केंद्रीय जांच ब्यूरो, न्यायालय और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की अदालत, सबने मनीष सिसोदिया की जमानत अर्जी खारिज की है।

भाटिया ने कहा कि केजरीवाल की पूरी राजनीति भ्रष्टाचार, झूठ बोलना और गुमराह करने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का पर्याय और भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा कोई है तो केजरीवाल है। कट्टर बेईमान कोई है तो केजरीवाल है और जिनकी नाक के नीचे शराब घोटाला हुआ है, वह केजरीवाल हैं। उन्होंने कहा कि लोग आज कह रहे हैं कि केजरीवाल शराब में इतना डूब गए हैं कि पूरे देश को शर्मसार कर रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें