कुल्लू: हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (HPSEBL) द्वारा विद्युत वितरण प्रणाली को आधुनिक, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर आधुनिक डिजिटल तकनीक पर आधारित हैं, जिनसे उपभोक्ताओं को बिजली की वास्तविक खपत की सटीक जानकारी मिलेगी और बिलिंग प्रणाली में पारदर्शिता आएगी।
इस बारे में विद्युत उपमंडल पधर के सहायक अभियंता विशाल नाइक ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ता मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी बिजली खपत की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा वास्तविक खपत के आधार पर बिलिंग, दूरस्थ मीटर रीडिंग तथा बिजली चोरी एवं तकनीकी हानियों पर नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी। इससे विद्युत विभाग को आपूर्ति व्यवस्था की बेहतर निगरानी एवं प्रबंधन करने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्मार्ट मीटर की स्थापना एक महत्वपूर्ण तकनीकी एवं वैधानिक आवश्यकता है। यह स्थापना प्रीपेड अथवा पोस्टपेड बिलिंग व्यवस्था से स्वतंत्र है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
सहायक अभियंता ने विद्युत उपमंडल पधर के सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर स्थापना के कार्य में विभाग का सहयोग करें तथा विभाग के अधिकृत कर्मचारियों को मीटर बदलने एवं स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि विभागीय कर्मचारियों के वैधानिक कार्य में बाधा उत्पन्न करने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति में न रहने तथा विद्युत व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में इस पहल को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया।
📍 Location: Mandi (Mandi)