
पालमपुर। सुलह विधानसभा क्षेत्र के तीनों ब्लॉकों के राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम की खामियों, शिक्षकों को पेश आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों तथा अन्य विभिन्न लंबित मांगों को लेकर वरिष्ठ नेता, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सुलह विधानसभा क्षेत्र से विधायक विपिन सिंह परमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों ने न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम की विसंगतियों और इसके क्रियान्वयन से उत्पन्न हो रही समस्याओं को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि नीतियां बनाने से पहले जमीनी वास्तविकताओं, विद्यालयों की परिस्थितियों और शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं को समझना अत्यंत आवश्यक है।
शिक्षकों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए विपिन सिंह परमार ने कहा कि शिक्षक केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज की भावी पीढ़ियों का निर्माण करने वाले शिल्पकार हैं। उनकी समस्याओं की अनदेखी करना प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के समान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को यह समझना होगा कि शिक्षा व्यवस्था केवल नए प्रयोगों, प्रशासनिक आदेशों और कागजी योजनाओं से मजबूत नहीं होती, बल्कि इसके लिए शिक्षकों का विश्वास, सम्मान, संसाधन और कार्य करने के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना आवश्यक है। यदि किसी नई व्यवस्था के क्रियान्वयन में गंभीर खामियां हैं तो सरकार का दायित्व है कि वह अहंकार छोड़कर शिक्षकों के सुझाव सुने और आवश्यक सुधार करे।
परमार ने कहा कि शिक्षकों पर पहले ही शैक्षणिक दायित्वों के साथ अनेक गैर-शैक्षणिक जिम्मेदारियों का बोझ है। ऐसे में ऐसी व्यवस्था लागू करना, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ें, किसी भी दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता। सरकार को शिक्षकों को अनावश्यक प्रशासनिक उलझनों में फंसाने के बजाय उनका पूरा ध्यान विद्यार्थियों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर केंद्रित करने की परिस्थितियां बनानी चाहिए। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शिक्षकों द्वारा उठाए गए सभी महत्वपूर्ण विषयों और मांगों को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। शिक्षकों के हितों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने के लिए वे प्रभावी ढंग से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
परमार ने कहा कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों को विश्वास में लेना अनिवार्य है। सरकार को चाहिए कि वह शिक्षक संगठनों के साथ संवाद स्थापित करे और उनकी वास्तविक समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करे। शिक्षकों की आवाज को दबाने या उनकी मांगों को नजरअंदाज करने से समस्याएं समाप्त नहीं होंगी, बल्कि असंतोष और गहराएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव कर्मचारी और शिक्षक हितों की पक्षधर रही है तथा शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और जायज मांगों के लिए हर उचित मंच पर संघर्ष जारी रहेगा।
📍 Location: शिमला (शिमला)