शिमला: जिला शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने ठियोग क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 632 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी ठियोग तहसील के रहने वाले हैं। पुलिस ने चरस के साथ उस वाहन को भी कब्जे में ले लिया है, जिसमें नशे की खेप ले जाई जा रही थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को स्पेशल सेल शिमला की टीम फागू-चेओग लिंक रोड पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम ने तलई के पास एक गाड़ी को जांच के लिए रोका। पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली तो गाड़ी की अगली सीट के नीचे छिपाकर रखा गया एक सफेद कैरी बैग बरामद हुआ। जब बैग की जांच की गई तो उसमें से करीब 632 ग्राम चरस बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने गाड़ी में सवार तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पुत्र हीरा सिंह, अरविंद पुत्र योगेश तथा विकेश पुत्र इंदर सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी तहसील ठियोग, जिला शिमला के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बरामद चरस और वाहन को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस संबंध में एफआईआर नंबर 178/2026 दिनांक 20 नवंबर 2026 को धारा 20 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस मामले की आगामी जांच में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी चरस कहां से लेकर आए थे और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
📍 Location: शिमला (शिमला)