Site icon Dainik Savera Times

ऊना में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते स्लाइडिंग गेट के नीचे दबने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत, परिवार में मातम

rajasthan road accident

rajasthan road accident

हिमाचल डेस्क : ऊना नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-10 बैहली मोहल्ला में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। बता दें कि खेलते-खेलते एक भारी-भरकम स्लाइडिंग गेट के नीचे दबने से 6 वर्षीय मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

खेलते-खेलते स्लाइडिंग गेट के नीचे दबने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत

मिली जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे की पहचान आशीष कुमार (6) पुत्र चंदवान निवासी बैहली मोहल्ला के रूप में हुई है। आशीष क्षेत्र के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा का छात्र था। रोज की तरह वह स्कूल से छुट्टी के बाद कुछ दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बच्चों ने एक स्लाइडिंग गेट के साथ खेलना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि खेल-खेल में गेट अपनी जगह से अचानक खिसक गया और आशीष उसके नीचे दब गया।

ये भी पढ़े : पटियाला में यात्रियों से भरी बस और ट्रक की जबरदस्त टक्कर, 2 की मौके पर मौत

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर दौड़े। उन्होंने किसी तरह गेट को हटाकर बच्चे को बाहर निकाला और तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद आशीष को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम

सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। एसपी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि गेट के स्लाइडिंग ट्रैक में तकनीकी खराबी या असंतुलन के कारण यह दुर्घटना हुई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

Exit mobile version