Site icon Dainik Savera Times

धर्मशाला में छात्रा की मौत मामले में UGC का एक्शन, कहा- दोषी के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

Dharamshala student death case

Dharamshala student death case

हिमाचल डेस्क: धर्मशाला स्थित गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा की मौत के मामले को यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) ने गंभीरता से लिया है। UGC ने इस मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी का गठन किया है। यह कदम 19 साल की सेकंड ईयर की छात्रा की मौत के बाद उठाया गया है, जिसकी 26 दिसंबर को लुधियाना के दयानंद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

मृत छात्रा के परिवार का आरोप है कि कॉलेज कैंपस में उसे लंबे समय तक परेशान किया गया। लगातार उत्पीड़न और दबाव की वजह से उसकी शारीरिक और मानसिक हालत पर गहरा असर पड़ा। परिवार का कहना है कि छात्रा काफी डर और तनाव में रहने लगी थी।

ये भी पढ़ें: सावधान! मार्च 2026 से 500 के नोट ATM में नहीं निकल सकते? जानिए इसका पूरा सच

UGC की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी। कमेटी यह भी देखेगी कि कॉलेज में एंटी-रैगिंग नियम और शिकायत निवारण प्रणाली को सही तरीके से लागू किया गया था या नहीं। UGC ने साफ कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बीच हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भी मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कॉलेज के एक प्रोफेसर के खिलाफ 19 वर्षीय छात्रा के यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।

मृतका के पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 18 सितंबर 2025 को कॉलेज की तीन छात्राओं हर्षिता, आकृति और कोमोलिका ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की थी। इसके साथ ही कॉलेज के प्रोफेसर अशोक कुमार पर छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने का भी आरोप लगाया गया है। इस घटना के बाद छात्रा की हालत बिगड़ गई थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इन घटनाओं के बाद उनकी बेटी गहरे मानसिक तनाव में चली गई थी। वह डरी हुई रहती थी और सदमे से बाहर नहीं आ पा रही थी। लगातार तनाव के कारण उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ती चली गई, जिसके चलते उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, जो काफी वायरल हुआ। अब UGC और पुलिस, दोनों ही स्तर पर मामले की जांच चल रही है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की जा रही है।

ये भी पढ़ें: मोगा में बड़ी वारदात, ड्यूटी जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, मची अफरा-तफरी

Exit mobile version