Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

7200 बोतल अवैध शराब सहित वाहन जब्त; भुंतर थाने में मामला दर्ज

September 4, 2026

7200 बोतल अवैध शराब सहित वाहन जब्त; भुंतर थाने में मामला दर्ज

कुल्लू : आबकारी विभाग ने अवैध शराब के परिवहन एवं अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्लू-मनाली फोर लेन मार्ग पर जरड के समीप पंजाब में बिक्री के लिए ले जाई जा रही भारी मात्र में बीयर बरामद की है। विभाग ने शराब ले जा रहे वाहन को जब्त कर भुंतर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ने 3 सितम्बर को प्रातः करीब 7:40 बजे जरड नामक स्थान पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के समीप नियमित नाकाबंदी एवं निरीक्षण के दौरान एक ट्रक को जांच के लिए रोका।

ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में बीयर की पेटियां पाई गईं। बरामद बीयर पर ‘पंजाब में बिक्री के लिए’ अंकित पाया गया। कार्रवाई के दौरान चालक से शराब के परिवहन संबंधी आवश्यक पास, परमिट एवं अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह मौके पर कोई संतोषजनक एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक जांच में बरामद बीयर पंजाब राज्य में बिक्री के लिए निर्धारित पाई गयी।

इसमें ट्यूबॉर्ग स्ट्रॉन्ग (650 मिलीलीटर) — 294 पेटी, बडवाइजर मैग्नम (500 मिलीलीटर) 100 पेटी और किंगफिशर स्ट्रॉन्ग (650 मिलीलीटर) 106 पेटी थी। इस प्रकार कुल 500 पेटी बीयर बरामद की गई, जिनमें 650 मिलीलीटर की 4,800 बोतलें तथा 500 मिलीलीटर की 2,400 बोतलें, इसमे कुल 7,200 बोतलें शामिल हैं।

उक्त कार्रवाई सुरेश शर्मा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, जिला कुल्लू; गंगाराम, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, बंजार वृत्त; अशोक कुमार, आबकारी पुलिस आरक्षी तथा चालक सुरेश कुमार की टीम द्वारा की गई। विभागीय कार्रवाई के उपरांत मामले में भुंतर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई तथा प्रकरण को आगामी कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है। बरामद शराब एवं संबंधित वाहन को नियमानुसार कब्जे में लिया गया है।

मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1) के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त, राज्य कर एवं आबकारी, कुल्लू गग्नेश गुप्ता ने कहा कि विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें