
सुजानपुर (गौरव जैन) : हिमाचल प्रदेश को पहली बार ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जो काम करवाने के लिए नहीं काम रुकवाने के लिए पीछे से फोन करवाता है। प्रदेश में पहली बार ऐसी सरकार आई है जो काम करवाने वाली नहीं काम रुकवाने वाली है। चलते दफ्तरों को बंद करवाने वाली सरकार है, यह बात सुजानपुर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने शनिवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुठेड़ा में आयोजित पार्टी स्थापना दिवस के मौके पर जनता को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को करवाने के लिए प्रदेश मुख्यमंत्री के पास जब भी गया हूं, उनके सब कार्य डस्टबिन में डाल दिए जाते थे। मेरे सामने काम करवाने के लिए फोन करते थे और मेरे जाते ही पीछे से काम रुकवाने के लिए प्रदेश मुख्यमंत्री फोन करवा देते थे। उन्होंने कहा कि पिछले साल होली मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री सुजानपुर आए। जबरदस्ती मैंने कुछ घोषणाएं करवाई, लेकिन एक-दो की नोटिफिकेशन करके तमाम घोषणाओं को डस्टबिन में डाल दिया गया। चलते कार्यालय को बन्द करवाने वाली सरकार ये है। सुजानपुर के दोनों डिवीजन कार्यालय जो पूर्व में भाजपा सरकार ने खोले थे, उन्हें इस सरकार ने सत्ता संभालते ही बंद कर दिया। केवल झूठ बोलकर यह सरकार सत्तासीन हुई है और झूठ बोलने के कारण ही सत्ता से बेदखल होगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1500 देने के नाम पर ठगा गया। युवाओं को रोजगार देने के नाम पर ठगा गया। प्रदेश के हजारों युवा सड़कों पर धरना प्रदर्शन करते रहे हैं। अपने हक की लड़ाई लड़ते रहे, लेकिन इस प्रदेश सरकार के कान के नीचे जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति में मात्र 1200 महिलाओं को 1500 प्रति मासिक दिए जाएंगे, बाकी सब महिलाओं को इस सूची से बाहर कर दिया गया हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि महिलाएं नए पर्स ना खरीदें, क्योंकि अब उन्हें पर्स की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार उन्हें 1500 महीना नहीं देगी, क्योंकि सरकार के पास कर्मचारियों को देने के लिए वेतन के पैसे नहीं है, महिलाओं को 1500 कहां से देंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...