Hindi Diwas 2025 : भारत अपनी सांस्कृतिक विविधता और भाषाई समृद्धि के लिए दुनिया भर में पहचाना जाता है। यहां सैकड़ों भाषाएं और बोलियां बोली जाती हैं, जिनमें से हिंदी सबसे अधिक बोली और समझी जाने वाली भाषा है। हर वर्ष 14 सितंबर को पूरे देश में हिंदी दिवस बड़े उत्साह और गर्व के साथ मनाया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस दिन को ही क्यों चुना गया? इसके पीछे एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक कारण है। आइए खबर में विस्तार से जानते है…
संविधान सभा का ऐतिहासिक निर्णय
भारत को स्वतंत्रता मिलने के बाद सबसे बड़ी चुनौती थी देश की साझा और आधिकारिक भाषा तय करना। एक ऐसी भाषा की आवश्यकता थी जो पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ सके। हिंदी, जिसे उस समय देश की बड़ी आबादी द्वारा बोला और समझा जाता था, इस जिम्मेदारी के लिए सबसे उपयुक्त मानी गई।
14 सितंबर 1949 को संविधान सभा में एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया। अनुच्छेद 343 के तहत तय हुआ कि देवनागरी लिपि में लिखी गई हिंदी को भारत गणराज्य की राजभाषा बनाया जाएगा। इस निर्णय ने हिंदी को राष्ट्रीय पहचान दिलाई और प्रशासनिक कार्यों के केंद्र में स्थापित कर दिया।
पहली बार मनाया गया हिंदी दिवस
संविधान सभा के इस निर्णय को सम्मान देने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 1953 में पहली बार 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाने की घोषणा की। तब से लेकर आज तक हर साल यह दिन हिंदी भाषा के महत्व को रेखांकित करने और उसे बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
इस दिन को मनाने का उद्देश्य क्या है?
हिंदी दिवस का मकसद सिर्फ इस ऐतिहासिक तारीख को याद करना नहीं है, बल्कि इसके जरिए हिंदी के विकास और प्रसार को प्रोत्साहन देना है।
जागरूकता फैलाना: लोगों को यह बताना कि संविधान में हिंदी का क्या स्थान और महत्व है।
भाषा का विकास: हिंदी को आधुनिक और व्यावहारिक बनाने के प्रयासों को बढ़ावा देना।
गर्व की भावना: हिंदी दुनिया की तीसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है, इस पर गर्व महसूस करना।
कैसे मनाया जाता है यह दिन
14 सितंबर को देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। स्कूल, कॉलेज और सरकारी संस्थानों में भाषण, कविता पाठ, निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। कई सरकारी कार्यालयों में ‘हिंदी पखवाड़ा’ मनाया जाता है, जो लगभग दो सप्ताह तक चलता है। हिंदी दिवस हमें अपनी मातृभाषा के महत्व को समझने, उसे सम्मान देने और अगली पीढ़ी तक उसकी समृद्धि को पहुंचाने का अवसर प्रदान करता है।