Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Holi 2026: वसंत पंचमी से ब्रज में शुरू होगी 40 दिन की होली, श्रृंगार आरती से पहले ठाकुर जी गालों पर लगेगा गुलाल

January 18, 2026

Holi 2026: वसंत पंचमी से ब्रज में शुरू होगी 40 दिन की होली, श्रृंगार आरती से पहले ठाकुर जी गालों पर लगेगा गुलाल

धर्म डेस्क। ब्रज की पावन भूमि पर होली का उत्सव हमेशा खास होता है। साल 2026 में वसंत पंचमी के दिन यानी 23 जनवरी को ठाकुर बांकेबिहारी जी भक्तों के साथ होली खेलकर ब्रज में चालीस दिवसीय होली महोत्सव की शुरुआत करेंगे। इसी दिन से वृंदावन, मथुरा और पूरे ब्रज क्षेत्र में होली का रंग छा जाएगा। वसंत पंचमी के अवसर पर ठाकुर बांकेबिहारी जी वसंती (पीले रंग की) पोशाक धारण करेंगे। सुबह श्रृंगार आरती के बाद मंदिर के सेवायत ठाकुर जी का प्रसादी गुलाल भक्तों पर उड़ाएंगे। जैसे ही गुलाल उड़ाया जाएगा, उसी क्षण से ब्रज में होली का पर्व शुरू माना जाएगा।

 

गुलाल के फेंटा और रंग लगे गालों के साथ होंगे दर्शन
वसंत पंचमी के बाद ठाकुर बांकेबिहारी जी भक्तों को गुलाल का फेंटा (पगड़ी) बांधकर और गालों पर गुलाल लगाए हुए ही दर्शन देंगे। पूरे 40 दिनों तक ठाकुर जी इसी होली स्वरूप में भक्तों को दर्शन देते रहेंगे, जिससे मंदिर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और रंगों से सराबोर रहेगा।

 

श्रृंगार आरती से पहले ठाकुर जी के गालों पर लगाया जाएगा गुलाल
वसंत पंचमी की सुबह, श्रृंगार आरती से पहले, सेवायत सबसे पहले ठाकुर बांकेबिहारी जी के गालों पर गुलाल लगाएंगे। इसके बाद मंदिर में मौजूद भक्तों पर प्रसादी गुलाल उड़ाया जाएगा। मंदिर में प्रवेश करते ही श्रद्धालु भगवान के प्रसादी रंग से सराबोर हो जाएंगे।

देश-विदेश से श्रद्धालु वृंदावन पहुंचेंगे
वसंत पंचमी और होली उत्सव के दौरान देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु वृंदावन पहुंचेंगे। भक्तों में यह उत्साह रहेगा कि वे भगवान के प्रसादी गुलाल के एक-एक कण से रंग जाएं। इसी वजह से वसंत पंचमी से पहले ही वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिलेगी।

 

वसंत पंचमी पर वसंती कमरे की अद्भुत छटा
वसंत पंचमी के दिन शाहजी मंदिर स्थित वसंती कमरा अपनी अद्भुत सुंदरता से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर देगा। रंग-बिरंगे झाड़-फनूस, कलात्मक दर्पणों से निकलती रोशनी और कमरे के बीच बने फव्वारों के सामने रत्नजड़ित सिंहासन पर विराजमान ठाकुर राधारमणलाल जी की झलक देखते ही बनती है।

 

रोशनी और स्थापत्य कला मोहेगी मन
वसंती कमरे में लगी रंगीन रोशनी भक्तों को आनंदित करेगी। संगमरमर के टेढ़े खंभे और मुंडेर पर बनी रोमन और इटेलियन शैली की कलाकारी श्रद्धालुओं को खासा आकर्षित करेगी। भक्त अपलक निहारते हुए कमरे की दिव्य आभा में डूबे नजर आएंगे।

 

भीड़ नियंत्रण के लिए रेलिंग और बैरिकेडिंग की व्यवस्था
वसंत पंचमी पर भारी भीड़ को देखते हुए ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिर आने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि श्रद्धालु कतार में होकर दर्शन कर सकें।

 

मंदिर के अंदर भी रेलिंग से होंगे दर्शन
मंदिर प्रबंधन समिति की योजना है कि वसंत पंचमी तक मंदिर के अंदर भी रेलिंग सिस्टम लागू किया जाए। इससे श्रद्धालुओं को सुचारु रूप से दर्शन होंगे और मंदिर के अंदर ज्यादा देर तक रुकने की स्थिति नहीं बनेगी। इससे दर्शन व्यवस्था भी बेहतर होगी और भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें