Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

विश्वास टूटते ही बिखर गया परिवार, पत्नी के साथ खोया गर्भस्थ शिशु

June 28, 2026

विश्वास टूटते ही बिखर गया परिवार, पत्नी के साथ खोया गर्भस्थ शिशु

husband murdered his pregnant wife : फरीदाबाद। विश्वास के रिश्ते को शक की आग ने ऐसी भयावह शक्ल दी कि एक हंसता-खेलता परिवार पलभर में उजड़ गया। फरीदाबाद में एक गर्भवती महिला की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस महिला के घर में जल्द ही बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी, उसकी जिंदगी को उसके ही पति ने बेरहमी से खत्म कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

हमेशा करता था पत्नी पर शक

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अमित गुप्ता के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के हरदोई का रहने वाला है। वह दिल्ली की एक कंपनी में ग्राफिक डिजाइनर के तौर पर काम कर रहा था। उसकी पत्नी नेहा कुमारी मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और वारदात के वक्त छह महीने की गर्भवती थी। जांच में सामने आया है कि अमित को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इस बात पर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अमित ने ऑफिस जाना बंद कर दिया था और नेहा को भी घर से बाहर निकलने से मना कर दिया था।

वारदात के बाद चाचा को फोन, उगला सच

पड़ोसियों ने घटना से कुछ देर पहले भी दोनों के बीच तीखी बहस होने की आवाजें सुनी थीं। गुरुवार सुबह इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा तब हुआ, जब अमित ने बदरपुर बॉर्डर के पास रहने वाले अपने चाचा को फोन किया। उसने चाचा के सामने हत्या की बात कुबूल करते हुए कहा कि वह पुलिस और कानूनी मामलों को संभाल लें। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। हालांकि, चाचा ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और दोनों परिवारों को इसकी सूचना दे दी। जानकारी के मुताबिक, अमित और नेहा की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी।

किराये के घर से आए थे अपने घर

दोनों करीब एक महीने पहले ही बदरपुर बॉर्डर के पास स्थित अपना किराये का मकान छोड़कर फरीदाबाद की पंचशील कॉलोनी पार्ट-2 में अपने नए घर में शिफ्ट हुए थे। नेहा के जीजा दिलीप कुमार ने बताया कि जब वे लोग सूचना मिलने पर घर पहुंचे, तो नेहा का शव फर्श पर पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि नेहा अपनी प्रेगनेंसी को लेकर बेहद उत्साहित थी और आने वाले बच्चे को लेकर अक्सर परिवार वालों से अपनी योजनाएं साझा किया करती थी।

बाल्टी में सिर डुबोकर मारा

SHO इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश ने बताया कि झगड़े के दौरान अमित ने पहले नेहा के साथ मारपीट की और उसका गला घोंटने की कोशिश की। इसके बाद उसने जबरन उसका सिर पानी से भरी बाल्टी में डाल दिया। पुलिस को मौके से वारदात में इस्तेमाल की गई बाल्टी और एक स्कार्फ बरामद हुआ है। फर्श पर पानी बिखरा हुआ था, मृतका के शरीर का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह गीला था और उसके गले पर कसने के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। घटनास्थल की जांच करने वाले फॉरेंसिक विशेषज्ञों का भी शुरुआती तौर पर यही मानना है कि मौत डूबने की वजह से हुई है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा।

स्विच ऑफ आ रहा आरोपी का फोन

पुलिस फिलहाल मृतका के परिवार वालों के पहुंचने का इंतजार कर रही है। उनके आने के बाद औपचारिक शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी और शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के बाद से ही आरोपी अमित का मोबाइल फोन स्विच ऑफ है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें