Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

दुखद घटना : डिलीवरी के दौरान पत्नी की मौत, खबर सुन घर लौट रहे पति की भी सड़क हादसे में मौत

March 18, 2025

दुखद घटना : डिलीवरी के दौरान पत्नी की मौत, खबर सुन घर लौट रहे पति की भी सड़क हादसे में मौत

उतर प्रदेश : बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गयी जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि मृत युवक की पहचान बहराइच जिले के केसरगंज थानाक्षेत्र के रामूआपुर रघुवीर गांव के निवासी संजय (28) के रूप में हुई है तथा घायल युवक की पहचान उसके भाई रिंकू (22) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक पंजाब में काम करने वाला संजय पत्नी की मौत की खबर सुनकर जल्दबाजी में अपने छोटे भाई रिंकू के साथ मोटरसाइकिल से घर के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही सड़क हादसे में उसकी जान चली गयी। उत्तरी क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मुकेश चंद्र मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि संजय और रिंकू पंजाब में मजदूरी करते थे। उन्होंने बताया कि संजय की बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी।

चार साल की है एक बेटी

उन्होंने संजय के परिजनों के हवाले से बताया कि संजय की शादी छह साल पहले पूजा से हुई थी और उसकी चार साल की एक बेटी भी है। मिश्रा के मुताबिक संजय का परिवार खुश था क्योंकि सोमवार को पूजा का दूसरा प्रसव होना था। परिजनों ने पूजा को बहराइच के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन प्रसव के दौरान उसकी मौत हो गयी।

परिजनों ने तुरंत यह दुखद खबर संजय को दी। अपर पुलिस अधीक्षक के अनुसार पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही संजय बेचैन हो उठा और जल्द से जल्द घर पहुंचने के लिए अपने छोटे भाई रिंकू के साथ मोटर साइकिल से पंजाब से बहराइच के लिए रवाना हो गया। तभी सोमवार की रात यह हादसा हो गया।

घायलों को पहुंचाया अस्पताल

पुलिस का कहना है कि दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। रिंकू की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज बरेली के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। संजय का शव मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद बहराइच को भेज दिया गया।

परिजनों ने जानकारी दी कि संजय और उसकी पत्नी का अंतिम संस्कार एक साथ किया जाएगा। एएसपी ने बताया कि मीरगंज पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें