नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित आशा सम्मेलन-2026 में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में आशा कार्यकर्ताओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि को 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से राजधानी की 6,690 आशा कार्यकर्ताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा।
सम्मेलन में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली सरकार में मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी से उन्हें आर्थिक संबल मिलने के साथ जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जीबी पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से राजधानी में अंगदान और अंग प्रत्यारोपण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और अंगदान की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने अनमोल योजना का भी विस्तार किया है। इसके तहत नवजात शिशुओं में 56 स्वास्थ्य स्थितियों की जांच नि:शुल्क की जा रही है। सरकार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बच्चों में जन्म के शुरुआती चरण में ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना और समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देते हुए नर्सिंग होम मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल भी शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से नर्सिंग होम से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का प्रयास किया गया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार का संकल्प स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना और स्वास्थ्य सुरक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा में जुटे कर्मचारियों को उचित सम्मान और सुविधाएं देना भी सरकार की प्राथमिकता है। आशा सम्मेलन में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सरकार ने इन पहलों को दिल्ली की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...