Site icon Dainik Savera Times

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया त्रिवेणी का जल, नेपाल के PM ने भेंट की रुद्राक्ष माला, भारत-नेपाल की दोस्ती में दिखा आध्यात्मिक रंग

India Nepal Bilateral Talks

India Nepal Bilateral Talks

India Nepal Bilateral Talks: नई दिल्ली में हुई द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों की खूबसूरत झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को उपहार स्वरूप त्रिवेणी का पवित्र जल भेंट किया, तो वहीं नेपाल के पीएम ने उन्हें रुद्राक्ष की माला और पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद भेंट किया।

हैदराबाद हाउस में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल बैठक का आयोजन किया गया। वार्ता से पहले दोनों नेताओं के बीच उपहारों के इस आदान-प्रदान ने दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव को एक बार फिर उजागर कर दिया।

भारत दौरे के दूसरे और अंतिम दिन नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें गले लगाया। फिर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर से नवाजा गया। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पहुंचे। पुष्प अर्पित कर बापू को श्रद्धांजलि दी।

ये भी पढ़ें- बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ीं! पानी के सैंपल में मिले संदिग्ध तत्व, कंपनी बोली- जांच के नतीजे अलग-अलग

 

नई परियोजनाओं की आधारशिला रखने की उम्मीद
इसके बाद वह सीधे हैदराबाद हाउस पहुंचे। दोनों पक्ष दीर्घकालिक द्विपक्षीय लक्ष्यों और ठोस उद्देश्यों को तय करने के लिए “समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत” शीर्षक से एक ‘संयुक्त विजन दस्तावेज’ भी जारी कर सकते हैं। इस यात्रा के दौरान, दोनों देशों द्वारा कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करने और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखने की उम्मीद है।

आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित बातचीत
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत मुख्य रूप से व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास में आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित होगी।

बैठक के बाद दोनों नेता अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे।

604 किलोमीटर का सफर तय करेगी ट्रेन
अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलने वाली यह ट्रेन 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी। ट्रेन के प्रमुख स्टॉपेज में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं।

यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी। जनकपुरधाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी। इससे भारत में भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि के बीच सीधा रेल संपर्क बनेगा।

 

 

Exit mobile version