Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत अब आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा, प्रधानमंत्री ने दिया स्पष्ट संदेश: उपराष्ट्रपति धनखड़

May 26, 2025

भारत अब आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा, प्रधानमंत्री ने दिया स्पष्ट संदेश: उपराष्ट्रपति धनखड़

नरसिंहपुर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को कहा कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सीमा पार स्थित आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले कर करारा जवाब दिया और साथ ही दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया कि देश अब आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। यहां आयोजित तीन दिवसीय ‘कृषि उद्योग समागम’ का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में धनखड़ ने किसानों को भारत के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ बताया और विश्वास जताया कि देश जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा। उन्होंने कहा, ‘‘किसान की जितनी पूजा की जाए, वह कम है। किसान भारत की रीढ़ की हड्डी है। वह चाहे सामाजिक हो या आर्थिक हो..। किसान समरसता का एक प्रतीक भी है।’’ उपराष्ट्रपति ने कहा कि कृषि को उद्योग से जोड़ने की मध्यप्रदेश सरकार की पहल ‘बहुत बड़ी सोच’ का परिणाम है और आने वाले दिनों में इसका असर कृषि क्षेत्र में देखने को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में देश का हर प्रांत ऐसे समागम का आयोजन करेगा।

पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और उसके जवाब में भारत की ओर से चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए धनखड़ ने कहा कि आज पूरा देश राष्ट्रीय भावना से बहुत ओतप्रोत है। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पहलगाम का जवाब दिया गया और इसका लोहा दुनिया ने माना है। देश के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। देश के प्रधानमंत्री ने बिहार से संदेश दिया था कि जिन्होंने सिंदूर मिटाया है, उनको धरती पर रहने का अधिकार नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय सीमा के अंदर घुसकर आतंकवादियों के ठिकानों पर क्या सटीक बमबारी हुई.., नष्ट कर दिया गया उन्हें। अब कोई प्रमाण नहीं मांग रहा है। कारण यह है कि जब उनके शव ले जाए जा रहे थे तब उनकी फौज खड़ी थी, उनके नेता खड़े थे और आतंकवादी खड़े थे। सबूत की आवशय़कता नहीं रही। उन्होंने ही यह प्रमाण विश्व के सामने दे दिया।’’ धनखड़ ने कहा कि देश की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हर भारतीय का सिर ऊंचा कर दिया है और हर कोई शान से कह रहा है कि हम भारतीय हैं। उन्होंने कहा, ‘‘भारत अब बदल चुका है। भारत अब आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। जो 70 साल में नहीं हुआ वह कठोर निर्णय भारत के प्रधानमंत्री ने लिया तथा पाकिस्तान का पानी बंद कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बहेगा। यह बहुत बड़ा संदेश उन्होंने दिया है।’’

उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद भारत ने 7 मई को तड़के ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। इसके परिणामस्वरूप पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि आज का भारत ‘आत्मविश्वासी’ है और दुनिया को यह समझ में आ गया है।

ये भी पढ़ें- कमजोर हुआ नक्सलवाद, 10 साल में 10 हजार से ज्यादा माओवादियों ने टेके घुटने

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें