India shows Pakistan reality on Karachi attack : नई दिल्ली। कराची में हाल ही में हुए विस्फोट को लेकर पाकिस्तान द्वारा भारत पर लगाए गए आरोपों को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए पाकिस्तान को कड़ी नसीहत दी। उन्होंने कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने के बजाय पाकिस्तान को अपने भीतर झांकना चाहिए और अपनी आंतरिक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।
आरोपों के बजाय अपने भीतर झांके
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि कराची की घटना के लिए पाकिस्तान की ओर से भारत पर लगाए आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि दूसरों पर अंगुली उठाने के बजाय पाकिस्तान को अपने भीतर झांकना चाहिए। रणधीर जायसवाल ने कहा कि उसे अपनी सरजमीं पर मौजूद आतंकी ढांचे के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद को राज्य की नीति के एक साधन के रूप में इस्तेमाल करने की अपनी प्रवृत्ति भी छोड़नी चाहिए। कराची शहर में सिंध रेंजर्स के एक कैंप पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर ने इस हमले के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया था। पाकिस्तान ने हमलावर प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-अहरार को ‘भारतीय समर्थित संगठन’ बताते हुए झूठे आरोप लगाए थे। यही नहीं पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी आरोप लगाया है कि भारत पूरे क्षेत्र में ऐसे गुटों को बढ़ावा दे रहा है, जो उसकी जमीन पर आतंकी हमलों को अंजाम देते हैं।
चार सुरक्षाकर्मी और छह हथियादबंद मारे गए
पाकिस्तान के कराची में पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) के गुलिस्तान-ए-जौहर कैंप पर शनिवार देर रात हुए आतंकी हमले में चार सुरक्षाकर्मी और छह हथियारबंद हमलावर मारे गए और एक घायल हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने रविवार को जारी बयान में दावा किया कि हमला जमात-उल-अहरार से जुड़े आतंकियों ने किया था। जमात-उल-अहरार, प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से अलग हुआ गुट है।
परिसर में घुसने की कर रहे थे कोशिश
एक समाचार एजेंसी के अनुसार विस्फोट और गोलीबारी के बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र में क्लियरेंस अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान एक संदिग्ध आत्मघाती हमलावर का शव बरामद किया गया। आईएसपीआर के अनुसार हथियारबंदों ने पहले कैंप के मुख्य द्वार पर विस्फोट किया और फिर परिसर में घुसने की कोशिश की। हालांकि, रेंजर्स के जवानों ने मुस्तैदी से जवाबी कार्रवाई करते हुए उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया। बयान में कहा गया कि मुठभेड़ के दौरान छह आतंकी मारे गए, जबकि एक घायल जो अफगान नागरिक है, को गिरफ्तार कर लिया गया। इस गोलीबारी में चार सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं।
Also Read :

