Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

होर्मुज में हमलों पर भारत का कड़ा विरोध, ईरान से कहा- जहाजों पर हमला तुरंत रोका जाए

July 14, 2026

होर्मुज में हमलों पर भारत का कड़ा विरोध, ईरान से कहा- जहाजों पर हमला तुरंत रोका जाए

नई दिल्ली: भारत ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हुए हमलों को लेकर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही और व्यापार बिना किसी रुकावट के सुरक्षित तरीके से जारी रहना चाहिए। भारत ने सभी पक्षों से तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है।

भारत पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि भारत पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण समुद्री रास्ता है, जहां से ऊर्जा और व्यापार से जुड़ा बड़ा हिस्सा गुजरता है। इसलिए यहां सुरक्षित और स्वतंत्र नौवहन पूरी दुनिया की आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा के लिए जरूरी है।

जहाजों पर हुए हमलों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया

भारत ने दो जहाजों पर हुए हमलों को लेकर ईरान के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इन हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य भारतीय नाविक घायल हुए हैं। MEA के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे दो जहाजों MT अल बहियाह और MT मोम्बासा पर हमला हुआ। इन दोनों जहाजों में कुल 46 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें 30 भारतीय नागरिक शामिल थे। MT अल बहियाह पर मौजूद 12 भारतीय नाविकों में से एक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुआ। वहीं MT मोम्बासा पर सवार 18 भारतीय नागरिकों में से 9 घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ऐसे हमले जल्द से जल्द बंद होने चाहिए

रणधीर जायसवाल ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में ईरान के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन को बुलाकर इन घटनाओं पर भारत की गहरी चिंता और कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। भारत ने कहा है कि जहाजों और नाविकों को निशाना बनाने वाले ऐसे हमले जल्द से जल्द बंद होने चाहिए। विदेश मंत्रालय ने मृत भारतीय नागरिक के परिवार के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। UAE में भारतीय मिशन और अन्य अधिकारी प्रभावित भारतीय नाविकों को हर संभव सहायता देने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।

कूटनीतिक तरीके से मुद्दों को हल करने का आग्रह

भारत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर हिंसा और हमलों को रोकना जरूरी है, ताकि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बहाल हो सके। मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में फिर से बढ़ रही हिंसा और तनाव पर चिंता जताते हुए सभी पक्षों से शांति, स्थिरता और बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की। भारत ने ईरान और अमेरिका से भी बातचीत की मेज पर लौटने और कूटनीतिक तरीके से मुद्दों को हल करने का आग्रह किया है। भारत का कहना है कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए संवाद ही सबसे बेहतर रास्ता है।

समुद्री प्रतिबंधों को फिर से लागू करेंगे- ट्रंप 

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान पर लगाए गए समुद्री प्रतिबंधों को फिर से लागू कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए 20 प्रतिशत शुल्क लगाएगा। ट्रंप ने दावा किया कि बढ़ते तनाव के बावजूद दुनिया के लिए जरूरी समुद्री व्यापार मार्ग पूरी तरह बंद नहीं किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें