
Indian Air Force Day 2025: आज पूरा देश भारतीय वायुसेना का 93वां स्थापना दिवस मना रहा है। बता दें कि हर साल की तरह इस बार भी 8 अक्टूबर को देशभर में एयरफोर्स डे बड़े गर्व और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पर शानदार परेड, फ्लाईपास्ट और एयर शो का आयोजन होगा, जहां भारतीय वायुसेना के जांबाज पायलट आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। आइए जानते है आखिर आज के दिन ही क्यों मनाया जाता है वायुसेना दिवस…
#WATCH | Ghaziabad, Uttar Pradesh: Indian Air Force Chief Air Chief Marshal AP Singh takes salute at the parade at Hindon Air Base, where Air Force Day celebrations are taking place.
(Video: ANI/Indian Air Force) pic.twitter.com/bhG0GEMzJs
— ANI (@ANI) October 8, 2025
क्यों मनाया जाता है वायुसेना दिवस 8 अक्टूबर को?
भारतीय वायुसेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को हुई थी। ब्रिटिश काल में इसे ‘रॉयल इंडियन एयर फोर्स’ (RIAF) कहा जाता था। शुरुआत में वायुसेना के पास केवल 6 ऑफिसर्स और 4 वेस्टलैंड वैपिटी बाइप्लेन विमान थे। 1 अप्रैल 1933 को पहला स्क्वाड्रन तैयार हुआ। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान बर्मा अभियान में वायुसेना के शानदार प्रदर्शन के बाद इसे “रॉयल” का खिताब मिला। लेकिन 1950 में भारत के गणतंत्र बनने पर ‘रॉयल’ शब्द हटाकर इसे इंडियन एयर फोर्स (IAF) नाम दिया गया। तभी से हर साल 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस मनाया जाता है, ताकि देश अपने वायु योद्धाओं के साहस, समर्पण और बलिदान को सलाम कर सके।
कितनी ताकतवर है भारतीय वायुसेना?
भारतीय वायुसेना आज दुनिया की चौथी सबसे ताकतवर वायुसेना है। IAF के पास 1,700 से अधिक विमान और करीब 1.4 लाख कर्मी हैं। इसके पास अत्याधुनिक फाइटर जेट्स जैसे राफेल, सुखोई-30 MKI, मिराज-2000 और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमान हैं। लद्दाख में स्थित दौलत बेग ओल्डी एयरबेस, दुनिया की सबसे ऊंची हवाई पट्टी है, जो 16,614 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।
बता दें कि वायुसेना ने अब तक कई अहम सैन्य अभियानों में अपना कौशल साबित किया है-1947, 1965, 1971, और 1999 के भारत-पाक युद्ध, तथा 1962 के भारत-चीन युद्ध में उसका योगदान अविस्मरणीय रहा है। इसके अलावा ऑपरेशन मेघदूत (सियाचिन), ऑपरेशन सफेद सागर (कारगिल), ऑपरेशन पुमलाई, बालाकोट एयरस्ट्राइक, और हालिया ऑपरेशन सिंदूर में भी वायुसेना ने अपनी शक्ति का परिचय दिया।
महिलाओं की भूमिका और मानवीय योगदान
महिला अधिकारी जैसे विंग कमांडर व्योमिका सिंह, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर निकिता पांडे ने विभिन्न अभियानों में अपनी बहादुरी से इतिहास रचा। वहीं, 2013 की उत्तराखंड बाढ़ में वायुसेना ने 45 हेलीकॉप्टरों से 3,500 से अधिक मिशन चलाकर 23,000 से ज्यादा लोगों की जान बचाई।
वायुसेना का आदर्श वाक्य
भारतीय वायुसेना का आदर्श वाक्य है- “नभः स्पृशं दीप्तम्” (आकाश को छूएं, तेजस्वी बनें), जो भगवद गीता से लिया गया है। आज के दिन वायुसेना के 97 वीर पायलट्स को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने हाल के ऑपरेशन सिंदूर में देश की रक्षा में अद्भुत साहस दिखाया। 8 अक्टूबर सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि यह दिन देश की हवाई ताकत, शौर्य और गौरव का प्रतीक है जो हमें याद दिलाता है कि आसमान में उड़ने वाले ये वीर हर पल भारत की रक्षा में तत्पर हैं।