Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोदी के नेतृत्व में भारत की जीडीपी का ग्राफ ऊपर ही गया है: नड्डा

May 4, 2024

मोदी के नेतृत्व में भारत की जीडीपी का ग्राफ ऊपर ही गया है: नड्डा

अहमदाबाद: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने गुजरात के अहमदाबाद में शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की जीडीपी का ग्राफ ऊपर जा रहा है।

भाजपा की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नड्डा आज यहां की-वाटर्स संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए और इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार और निराशा में था लेकिन 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश नई आशा के साथ आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रहा है। पहले देश में विभाजन, जातिवाद और वोट बैंक की राजनीति थी लेकिन दस साल में उन्होंने भारत में केवल विकास की राजनीति स्थापित की है। यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध और कोरोना महामारी के समय दुनिया भर के देशों की जीडीपी कमजोर हो रही है, लेकिन मोदी के नेतृत्व में भारत की जीडीपी का ग्राफ ऊपर जा रहा है। उनके फिर से प्रधानमंत्री बनने पर भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि आज भारत में मोबाइल फोन पर मेड इन इंडिया लिखा हुआ दिखाई देता है, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में भारत दूसरे नंबर पर है। सात नए आईआईएम शुरू हो गए हैं। दुनिया की नजर में ऐसा कोई मंच नहीं है जहां मोदी को आमंत्रित न किया जाता हो। यही है बदलते भारत की ताकत। आज दुश्मन देश भारत के सामने आंख उठाकर नहीं देख सकते। कोरोना जैसी महामारी में उन्होंने देश के वैज्ञानिकों को एक नहीं बल्कि दो-दो वैक्सीन विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया और निःशुल्क टीकाकरण कर देश को कोरोना से सुरक्षित किया।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में रुपये जमा हुए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को अन्न और मिलेटस हब बनाने की दिशा में काम किया जाना है। आयुष्यमान कार्ड में भजपा ने अपने संकल्प पत्र में ऐलान किया है कि 70 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को भी मुफ्त इलाज मिलेगा। मोदी भ्रष्टाचार मिटाने का काम करते हैं। इस कार्यक्रम में वकील, डॉक्टर, लीगल सेल, व्यापारी एसोसिएशन सहित सामाजिक अग्रणी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें