Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘यह काफी चिंताजनक’…खालिस्‍तानी आतंकी की हत्या की साजिश के आरोप पर भारत का अमेरिका को जवाब

November 30, 2023

‘यह काफी चिंताजनक’…खालिस्‍तानी आतंकी की हत्या की साजिश के आरोप पर भारत का अमेरिका को जवाब

नेशनल डेस्क: खालिस्तानी अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश के मामले में एक भारतीय नागरिक के खिलाफ अमेरिका में केस दर्ज किए जाने को भारतीय विदेश मंत्रालय ने आपत्ति जताई है साथ ही US को जवाब भी दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिका ने जो आरोप लगाए हैं वे काफी चिंताजनक हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत सरकार की नीतियों के विपरीत हैं।

 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि ‘जैसा कि हमने पहले कहा है, द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग पर अमेरिका के साथ चर्चा के दौरान, अमेरिकी पक्ष ने संगठित अपराधियों और आतंकवादियों के बीच सांठगांठ से संबंधित कुछ इनपुट साझा किए। हम ऐसे इनपुट को बहुत गंभीरता से और उच्च स्तर पर लेते हैं। मामले के सभी पहलुओं पर गौर करने के लिए स्तरीय जांच समिति की स्थापना की गई है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘जहां तक एक व्यक्ति के खिलाफ अमेरिकी अदालत में कथित तौर पर उसे एक भारतीय अधिकारी से जोड़ने का मामला दर्ज किया गया है, यह चिंता का विषय है, हमने पहले भी कहा है और मैं फिर दोहराना चाहता हूं कि यह सरकारी नीति के भी विपरीत है।

 

क्या है पूरा मामला

अमेरिकी संघीय अभियोजकों द्वारा एक भारतीय खुफिया अधिकारी पर खालिस्तान नेता और प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की नाकाम साजिश में एक भारतीय के शामिल होने का आरोप लगाया है। दक्षिणी न्यूयॉर्क जिले के अमेरिकी अटॉर्नी मैथ्यू जी ऑलसेन ने कहा कि निखिल गुप्ता (52) के खिलाफ हत्या के लिए सुपारी देने का आरोप लगाया गया है, जिसमें अधिकतम 10 साल जेल की सजा का प्रावधान है। न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के अमेरिकी अटॉर्नी डेमियन विलियम्स के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार गुप्ता को चेक अधिकारियों ने 30 जून को गिरफ्तार किया था।

 

भारत निवासी गुप्ता पर अंतरराष्ट्रीय नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी में शामिल होने का आरोप है। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि गुप्ता ने न्यूयॉर्क शहर में रहने वाले सिख अलगाववादी नेता की हत्या के लिए हत्यारे को एक लाख अमेरिकी डॉलर देने की बात स्वीकार कर ली थी। आरोपों के अनुसार, ‘9 जून 2023 या उसके आसपास गुप्ता ने हत्या के लिए सुपारी दी थी, जिसके अग्रिम भुगतान के रूप में उन्होंने न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में हत्यारे को 15 हजार अमेरिकी डॉलर नकद देने के लिए एक सहयोगी की भी व्यवस्था की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें