Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश के सभी हवाई अड्डों पर होगी इंफ्रास्ट्रर की जांच : राम मोहन नायडू

June 28, 2024

देश के सभी हवाई अड्डों पर होगी इंफ्रास्ट्रर की जांच : राम मोहन नायडू

नई दिल्ली। दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 पर शुक्रवार सुबह डिपार्चर फोरकोर्ट पर कैनोपी गिरने की घटना के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि देश के सभी एयरपोर्ट पर इंफ्रास्ट्रर की जांच की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। दिल्ली हवाई अड्डे पर स्थिति की समीक्षा के बाद केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ’आज टर्मिनल-1 पर सुबह 5 बजे बेहद दु:खद घटना हुई।

भारी बारिश की वजह से टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा गिर गया।‘ उन्होंने कहा, ’मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि इसे बहुत गंभीर घटना के रूप में लिया गया है। न केवल इस पर एयरपोर्ट की, बल्कि पूरे देश में जितने भी एयरपोर्ट हैं, हम उन सभी की फिर से जांच करेंगे। हम सभी एयरपोर्ट की गहन जांच करेंगे।’

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार तड़के हुए हादसे में कैनोपी का एक हिस्सा वहां खड़ी कारों पर गिर गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। राम मोहन नायडू ने कहा, ’टर्मिनल-1 से जो भी उड़ानें संचालित हो रही हैं, उन्हें टर्मिनल 2 और टर्मनिल 3 पर स्थानांतरित कर दिया गया है। टर्मनिल 2 और टर्मनिल 3 पर जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।’ इंडिगो ने दोपहर बाद दो बजे तक अपनी सभी उड़ानें रद्द करने की घोषणा की है। उसने यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान चुनने या पूरा रिफंड पाने के लिए लिंक उपलब्ध कराया है।

वहीं स्पाइसजेट की उड़ानें सुबह 10.30 बजे के बाद से टर्मिनल 3 पर स्थानांतरित की गई हैं। हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने बताया कि हादसे की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। उन्होंने बताया कि फिलहाल टर्मिनल 1 से सभी उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से चेक-इन काउंटर बंद कर दिये गये हैं। इंडिगो के अलावा अन्य विमान सेवा कंपनियों की टर्मिनल 1 की उड़ानों को टर्मनिल 2 और 3 पर स्थानांतरित किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें