Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

महुआ मोइत्रा के ‘लॉग-इन क्रेडेंशियल’ के आईपी पते की जांच हो : भाजपा सांसद

October 16, 2023

महुआ मोइत्रा के ‘लॉग-इन क्रेडेंशियल’ के आईपी पते की जांच हो : भाजपा सांसद

नई दिल्लीः भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर उनसे सदन के सदस्यों के लिये बनी वेबसाइट पर तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा के ‘लॉग-इन क्रेडेंशियल’ के ‘आईपी’ पते की जांच करने का आग्रह किया है। दुबे ने रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर मोइत्रा पर संसद में सवाल पूछने के लिए एक उद्योगपति से ‘‘रिश्वत’’ लेने का आरोप लगाया था।

बिरला को लिखे पत्र में, दुबे ने वकील जय अनंत देहाद्राई से प्राप्त एक पत्र का हवाला दिया और कहा कि वकील ने ‘‘पुख्ता’’ सबूत साझा किए हैं कि महुआ मोइत्रा ने संसद में सवाल पूछने के लिए उद्योगपति दर्शन हीरानंदानी से ‘‘नकद’’ और ‘‘उपहार’’ के रूप में रिश्वत ली है। दुबे के पत्र के जवाब में, मोइत्रा ने कहा, ‘‘सांसदों के सभी संसदीय कार्य निजी सहायक (पीए), सहायकों, प्रशिक्षुओं और बड़ी टीम द्वारा किए जाते हैं।’’

उन्होंने वैष्णव से ‘कॉल डेटा रिकॉर्ड’ (सीडीआर) के साथ सभी सांसदों की मौजूदगी के स्थानों और लॉग-इन क्रेडेंशियल का विवरण जारी करने का अनुरोध किया। टीएमसी सांसद ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री से कर्मचारियों को ‘लॉग इन’ करने के लिए दिए गए प्रशिक्षण के बारे में जानकारी साझा करने के लिए भी कहा।

हीरानंदानी समूह ने कहा है कि भाजपा सांसद के आरोपों में ‘‘कोई दम नहीं’’ है। इस मामले में सोमवार को भी वाकयुद्ध जारी रहा। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि कंपनी ‘‘डेटा स्थानीयकरण के लिए सक्रिय एवं आक्रामक रूप से पैरवी कर रही थी।’’

वैष्णव को लिखे एक पत्र में, दुबे ने उनसे मोइत्रा के खिलाफ आरोपों को ‘‘अत्यंत गंभीरता’’ से लेने और टीएमसी नेता के लोकसभा में सभी लॉग-इन क्रेडेंशियल के आईपी पते (इंटरनेट प्रोटोकॉल पते- इंटरनेट सेवा प्रदाताओं द्वारा इंटरनेट से जुड़ने वाले उपकरणों को प्रदान की जाने वाली एक विशिष्ट संख्या होती है) की जानकारी के लिए एक जांच शुरू करने और यह पता लगाने का आग्रह किया कि क्या कभी ऐसा भी हुआ है कि उनके लॉग-इन क्रेडेंशियल को उस स्थान से संचालित किया गया, जहां वह मौजूद नहीं थीं।

भाजपा नेता ने दावा किया, ‘‘मोइत्रा का किसी बाहरी संस्था के साथ लोकसभा के लॉग-इन क्रेडेंशियल साझा करना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधा खतरा है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि कृष्णानगर सांसद ने दर्शन हीरानंदानी और हीरानंदानी समूह को लोकसभा वेबसाइट के लिए अपने लॉग-इन क्रेडेंशियल तक पहुंच प्रदान की, ताकि वे इसे अपने निजी लाभ के लिए उपयोग कर सकें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें