Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

ISIS मॉडय़ूल केस: ईडी और ATS ने 40 ठिकानों पर मारे छापे

December 11, 2025

ISIS मॉडय़ूल केस: ईडी और ATS ने 40 ठिकानों पर मारे छापे

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के पाडघा के पास ईडी और एटीएस की संयुक्त अभियान ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी। प्रवर्तन निदेशालय (ED) और महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) की टीमें बुधवार-गुरुवार मध्य रात्रि ही कार्रवाई शुरू कर दी। कई आवासीय परिसरों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। संयुक्त कार्रवाई का दायरा केवल ठाणे तक सीमित नहीं है। महाराष्ट्र में करीब 40 जगहों (पाडघा, पुणे और मालेगांव) पर एक साथ छापेमारी की गई है। यह पूरी कार्रवाई आतंक से जुड़े संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच से जुड़ी हुई है।

ईडी अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में एजेंसी ने एक नया ईसीआईआर दर्ज किया है, जो एनआईए की उस जांच से संबंधित है जिसमें साकिब नाचन को ISIS मॉडय़ूल मामले में आरोपी बनाया गया है। यह कार्रवाई पुणे आईएसआईएस मॉडय़ूल केस से भी जुड़ी हुई है, जिसमें कई संदिग्धों पर टेरर फंडिंग और मॉडय़ूल को सक्रिय करने में शामिल होने के आरोप हैं।

पुणे और मालेगांव में जिन ठिकानों पर कार्रवाई की गई है, वे उन संदिग्धों से जुड़े बताए जाते हैं जिनकी गतिविधियों का लिंक कथित तौर पर टेरर नेटवर्क और फंडिंग चैनल से जुड़ता पाया गया है। ईडी को आशंका है कि इन मॉडय़ूल्स के लिए धन जुटाने, उसे स्थानांतरित करने या छिपाने से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल सबूत इन स्थानों पर मौजूद हो सकते हैं।

विशेष बात यह है कि इस बार जांच एजेंसियों ने एक संयुक्त रियल-टाइम ऑपरेशनल ग्रिड तैयार किया है। दोनों एजेंसियां (ईडी और एटीएस) सर्च ऑपरेशन के दौरान लगातार सूचनाएं, इनपुट और तकनीकी डेटा एक-दूसरे से साझा कर रही हैं ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सुराग को तुरंत आगे बढ़ाया जा सके और कार्रवाई में तालमेल बना रहे। इलाके में छापेमारी के दौरान सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती कार्रवाई पूरी होने के बाद जब्त किए गए दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री की फॉरेंसिक जांच की जाएगी, जिसके आधार पर आगे गिरफ्तारियां और पूछताछ संभव है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें