Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेना की आपूर्ति के नाम पर करोड़ो की धोखाधड़ी, मामला दर्ज 

March 12, 2025

सेना की आपूर्ति के नाम पर करोड़ो की धोखाधड़ी, मामला दर्ज 
Jammu Kashmir News : जम्मू कश्मीर में कई व्यापारियों से करीब 25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस की अपराध शाखा ने कटरा स्थित एक कंपनी के शीर्ष कार्यकारी अधिकारी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अपराध शाखा के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू स्थित ‘हिन्द एग्रो फूड्स’ के प्रबंधक रविंद्र कुमार गुप्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में राजेश्वर सबरवाल और उनके साथियों पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के अनुसार, सबरवाल ने अन्य लोगों के साथ साजिश रचकर गुप्ता को धोखा दिया और लगभग 4.30 करोड़ रुपये मूल्य के चावल और दालों का गबन किया। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर सेना की आपूर्ति करने का झूठा दावा कर सामान प्राप्त किया और शुरू में आंशिक भुगतान कर शिकायतकर्ता का विश्वास हासिल करने के बाद उसने पूरा भुगतान नहीं किया।
उन्होंने कहा कि इसी तरह अन्य व्यापारियों के साथ भी 20-25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। ‘हिंद एग्रो फूड्स’ कंपनी जम्मू के बरनई में अखनूर रोड पर स्थित है, जो बासमती और गैर-बासमती चावल, दालों और अन्य खाद्य पदार्थों की ग्रेडिंग, छंटाई और पैकिंग का कार्य करती है। प्रवक्ता ने बताया कि ‘ट्रांसपोर्टर’ भारत भूषण गुप्ता के माध्यम से सबरवाल और रविंद्र कुमार गुप्ता की जान पहचान हुई थी और आरोपी ने दावा किया था कि वह अपनी पत्नी की कटरा स्थित कंपनी ‘ए के ट्रेडर्स’ के माध्यम से सेना की सभी आपूर्ति का प्रबंधन करता है।
उसने बारी ब्राह्मणा और अमृतसर में सेना की आपूर्ति के लिए 18.63 करोड़ रुपये का सामान खरीदने का वादा किया और चालान जारी होने के 15 दिनों के भीतर शीघ्र भुगतान का आश्वासन दिया। पिछले साल चार मई से 28 मई के बीच ‘हिन्द एग्रो फूड्स’ से प्राप्त 7.37 करोड़ रुपये मूल्य के उत्पादों में से सबरवाल ने केवल 3.07 करोड़ रुपये का भुगतान किया, जिससे शिकायतकर्ता को 4.30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) (अपराध) बेनाम तोष ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज होने की पुष्टि की और कहा कि जांच की जा रही है, जबकि धोखाधड़ी के अन्य पीड़ित भी अपराध शाखा से कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर आगे आ रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें