Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

झारखंड में 10वीं बोर्ड के साइंस का पेपर वायरल, परीक्षा होगी रद्द

February 20, 2025

झारखंड में 10वीं बोर्ड के साइंस का पेपर वायरल, परीक्षा होगी रद्द

रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की दसवीं बोर्ड परीक्षा के साइंस का पेपर लीक हो गया है। यह परीक्षा गुरुवार को पहली पाली में आयोजित हुई थी। काउंसिल ने भी पेपर लीक होने की बात स्वीकार कर ली है। काउंसिल के अध्यक्ष नटवा हांसदा ने कहा है कि साइंस पेपर की परीक्षा रद्द की जाएगी। पेपर लीक की जानकारी मिलने के बाद राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने इस मुद्दे पर गुरुवार दोपहर हाई लेवल मीटिंग की। सरकार ने इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने का निर्णय लिया है।

19 फरवरी को विज्ञान का प्रश्न पत्र वायरल हो रहा था। इसकी प्रतिलिपि लेकर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने बुधवार को काउंसिल के पदाधिकारियों से मुलाकात की थी। गुरुवार को सुबह 9.45 बजे जब परीक्षा शुरू हुई तो पेपर हू-ब-हू वही था, जो पहले से वायरल हो रहा था। इसकी जानकारी तत्काल राज्य सरकार को गई, जिसके बाद पेपर रद्द करने की प्रशासनिक कवायद चल रही है। काउंसिल के अध्यक्ष नटवा हांसदा ने कहा है कि पेपर कैसे लीक हुआ, इसकी जांच के लिए हाई लेवल कमेटी गठित की जाएगी। इसके पहले हिंदी का प्रश्न पत्र लीक होने की भी पुरजोर चर्चा थी।

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने काउंसिल के सचिव को सौंपे गए एक ज्ञापन में भी इसकी जानकारी दी थी। हालांकि, उस वक्त काउंसिल ने आम सूचना जारी कर परीक्षार्थियों से प्रश्न पत्र वायरल होने की अफवाहों से दूर रहने की अपील की थी। जैक सचिव की ओर से जारी नोटिस में कहा गया था कि अभ्यर्थियों को भ्रामक खबरों से बचना है। परिषद पूरी गोपनीयता और निष्पक्षता के साथ पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें: अमृतपाल सिंह केस में HC का अहम फैसला: NSA हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका की खारिज  

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें