Last Updated: November 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jharkhand accident: श्रद्धालुओं की मौत पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की मदद का ऐलान

November 29, 2026

Jharkhand accident: श्रद्धालुओं की मौत पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख की मदद का ऐलान

Jharkhand accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 13 श्रद्धालुओं की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता की घोषणा भी की गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि झारखंड के रामगढ़ जिले में हुई दुखद घटना की जानकारी मिलने से अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि का ऐलान
पीएमओ के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायल को 50,000 रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी कुजू क्षेत्र में एनएच-33 पर हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत को अत्यंत दुखद और मर्माहत करने वाला बताया। उन्होंने अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और ईश्वर से घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

ये भी पढ़ें- Jharkhand accident: मन्नत पूरी करने रजरप्पा मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं की कार दुर्घटनाग्रस्त, 4 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत

 

CM हेमंत सोरेन ने हादसे को बताया हृदयविदारक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एनएच-33 पर हुई दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि यह खबर अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगत लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मरांग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहने की शक्ति दें। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे में घायल व्यक्ति का समुचित उपचार कराया जा रहा है।

रजरप्पा में दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
उल्लेखनीय है कि यह हादसा रविवार तड़के रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर कुजू थाना क्षेत्र के पैंकी स्थित भाजपा कार्यालय के समीप हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के जांघरो गांव के रहने वाले थे और रामगढ़ के प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा में दर्शन व पूजा के लिए आ रहे थे, लेकिन मंदिर से करीब 25 किलोमीटर पहले ही वे हादसे का शिकार हो गए।

हादसे में 13 लोगों की मौत
दुर्घटना में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका रामगढ़ सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों व पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया, वहीं जिला प्रशासन व पुलिस के वरीय अधिकारियों ने मौके और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें