Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

झारखंड सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 3 माओवादियों को किया ढेर, एक पर था 1 करोड़ का इनाम

September 15, 2025

झारखंड सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 3 माओवादियों को किया ढेर, एक पर था 1 करोड़ का इनाम

हजारीबाग: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। बता दें कि आज सुबह हजारीबाग जिले के पंतित्री जंगल में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में तीन कुख्यात नक्सली ढेर कर दिए गए। इनमें सबसे बड़ा नाम है सहदेव सोरेन, जो प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सदस्य था और जिस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

सुबह-सुबह शुरू हुआ ऑपरेशन

मुठभेड़ की शुरुआत सुबह करीब 6 बजे हुई, जब गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंतित्री जंगल में सुरक्षाबलों को माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर 209 कोबरा बटालियन और जिला पुलिस के जवानों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान घने जंगलों में छिपे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मुंहतोड़ कार्रवाई की।

एक के सिर पर था 1 करोड़ का इनाम

सहदेव सोरेन – केंद्रीय समिति सदस्य, ₹1 करोड़ का इनामी

रघुनाथ हेम्ब्रम – विशेष क्षेत्रीय समिति सदस्य, ₹25 लाख का इनामी

वीरसेन गंझू – क्षेत्रीय समिति सदस्य, ₹10 लाख का इनामी

मौके से तीन एके-47 राइफलें, भारी मात्रा में गोला-बारूद और नक्सली दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। अभियान के दौरान किसी भी सुरक्षाकर्मी को नुकसान नहीं पहुंचा है।

209 कोबरा बटालियन की लगातार सफलता

209 कोबरा बटालियन इस वर्ष अब तक नक्सल विरोधी अभियानों में जबरदस्त सफलता हासिल कर चुकी है। वर्ष 2025 में अब तक इस यूनिट ने 20 खतरनाक नक्सलियों को ढेर किया है, जिनमें शामिल हैं:

2 केंद्रीय समिति सदस्य

2 विशेष क्षेत्र समिति सदस्य (BJSC)

4 क्षेत्रीय समिति सदस्य

2 उप-क्षेत्रीय समिति सदस्य

3 एरिया कमिटी सदस्य

और कई अन्य कुख्यात कैडर

इसके अलावा, 3 नक्सलियों को जिंदा गिरफ्तार भी किया गया है। सुरक्षाबलों ने इन अभियानों में 32 अत्याधुनिक हथियार, करीब 345 किलो विस्फोटक, 88 डेटोनेटर, 2500 से अधिक जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में युद्ध-सामग्री भी जब्त की है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें