Site icon Dainik Savera Times

कर्नाटक सरकार ‘गृह लक्ष्मी’ योजना करेगी शुरू, Mallikarjun Kharge और Rahul Gandhi होंगे शामिल

बेंगलुरुः कर्नाटक सरकार अपने अपने घरों की गृहस्वामिनी एक करोड़ से अधिक महिलाओं को 2,000 रुपये मासिक वित्तीय सहायता योजना बुधवार को जिला मुख्यालय शहर मैसुरु में शुरू करेगी। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष एम. मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि करीब 1.08 करोड़ संभावित लाभाíथयों ने ‘गृह लक्ष्मी’ योजना के लिए नामांकन कराया है। यह योजना मई विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से हटाने वाली कांग्रेस की चुनाव पूर्व पांच ‘चुनावी गारंटी’ में से एक है।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने आज मैसुरु में पत्रकारों से कहा कि कार्यक्रम में करीब एक लाख लोग आएंगे, जहां खरगे योजना की शुरुआत करेंगे जबकि वह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे तथा इस दौरान राहुल गांधी भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह एक सरकारी कार्यक्रम है और खरगे राज्यसभा में विपक्ष के नेता एवं गांधी लोकसभा सांसद होने के नाते कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कोई पार्टी का कार्यक्रम नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहले ही तीन चुनावी वादों ‘शक्ति’, ‘गृह ज्योति’ और ‘अन्नभाग्य’ योजना को लागू कर चुकी है और कहा कि ‘गृह लक्ष्मी’ योजना इसके तहत चौथी योजना है। सिद्धरमैया ने पिछले सप्ताह कहा था कि सरकार नामांकित 1.08 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में मासिक 2,000 रुपये सीधे हस्तांतरित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मौजूदा वित्त वर्ष में ‘गृह लक्ष्मी’ कार्यक्रम के मद में 17,500 करोड़ रुपये रखा है।

Exit mobile version