Jammu Kashmir Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस संयुक्त अभियान में भारतीय सेना ने अब तक दो आतंकवादियों को मार गिराया है। हालांकि, इलाके में और आतंकियों के छिपे होने की आशंका के चलते तलाशी अभियान अब भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, यह ऑपरेशन तब शुरू हुआ जब सुरक्षा एजेंसियों को सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश की जानकारी मिली। आतंकियों की घुसपैठ की जानकारी मिलते ही सेना ने तुरंत पूरे क्षेत्र को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू किया। मुठभेड़ के दौरान आतंकियों ने जवानों पर गोलीबारी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी ढेर हो गए। सेना ने इलाके में भारी संख्या में जवानों की तैनाती कर दी है ताकि किसी भी संभावित घुसपैठ को रोका जा सके।
आतंकियों के ठिकाने का खुलासा
संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुपवाड़ा के वारसन क्षेत्र के ब्रिजथोर जंगलों में आतंकियों के एक ठिकाने का भी पर्दाफाश किया। बता दें कि मौके से दो एके सीरीज राइफलें, चार रॉकेट लॉन्चर, भारी मात्रा में गोला-बारूद और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह ऑपरेशन श्रीनगर स्थित भारतीय सेना की चिनार कोर को मिली पक्की खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था।
ये भी पढ़े : दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट, उत्तर में ठंड की दस्तक और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि “आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गई है, लेकिन तलाशी अभियान अभी जारी है ताकि इलाके में सक्रिय अन्य आतंकियों को भी समाप्त किया जा सके।”
हाल में बढ़ी आतंकी गतिविधियां
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से घाटी में आतंकियों की गतिविधियां फिर से तेज हुई हैं। हाल ही में कुलगाम जिले के गुड्डर जंगल में भी सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो आतंकी मारे गए थे, जबकि दो जवान शहीद हुए थे। मारे गए एक आतंकी की पहचान शोपियां निवासी आमिर अहमद डार के रूप में हुई थी, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था और 2023 से सक्रिय था।
मेष: दिन शुभ रहेगा...