Site icon Dainik Savera Times

माता वैष्णो देवी में भूस्खलन से 30 लोगों की मौत, यात्रा अस्थायी तौर पर बंद, देखें वीडियो

Mata Vaishno Devi Yatra : जम्मू संभाग में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन मूसलधार बारिश ने तबाही मचाई। श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर अर्धकुंवारी क्षेत्र में भूस्खलन में 30 लोगों की जान चली गई।

रियासी जिले के एसएसपी परमवीर सिंह ने बताया कि कटड़ा में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की जान चली गई। भूस्खलन के समय श्रद्धालु इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास चल रहे थे, तभी अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे, जिससे कई श्रद्धालु मलबे में दब गए। स्थानीय प्रशासन और श्राइन बोर्ड की आपदा प्रबंधन टीम ने तत्परता से बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन बारिश की वजह से परिस्थितियां और भी कठिन हो गईं।

गृह मंत्री ने CM और राज्यपाल से की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी जम्मू के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात की और स्थिति पर चिंता व्यक्त की।

श्रद्धालुओं के लिए यात्रा स्थगित
वहीं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्राइन बोर्ड ने वैष्णो देवी यात्रा को बुधवार दोपहर 1 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है। बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा पर जाने से पहले मौसम की स्थिति और प्रशासन की दिशा-निर्देशों का पालन करें।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने माता वैष्णो देवी में हुए भूस्खलन पर दुःख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन से हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है। इस सम्बन्ध में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री श्री उमर अब्दुल्ला जी और उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी से बात की। घायलों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और NDRF की टीम भी वहाँ पहुँच रही है।”

 

जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुःख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा, “यह जानकर अत्यंत व्यथित हूँ कि लगातार बारिश के कारण हुए दुर्भाग्यपूर्ण भूस्खलन में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की जान चली गई। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। अधिकारियों को तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।”

Exit mobile version