Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान ने LoC पर किया संघर्ष-विराम का उल्लंघन, भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब

February 13, 2025

पाकिस्तान ने LoC पर किया संघर्ष-विराम का उल्लंघन, भारत ने दिया मुंहतोड़ जवाब

Pakistan Violated Ceasefire : जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के उस पार से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया, जिसमें काफी संख्या में पाकिस्तानी सैनिक हताहत हुए। सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पाकिस्तान की तरफ हुए नुकसान की जानकारी तत्काल नहीं मिल पाई है, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि दुश्मन सेना को भारी नुकसान हुआ है। भारतीय सेना ने इस जानकारी की न तो पुष्टि की और न ही खंडन किया।

अधिकारियों ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर में पाकिस्तान द्वारा संघर्ष-विराम का उल्लंघन ऐसे समय में किया गया, जब एक दिन पहले ही जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में एक कैप्टन सहित दो भारतीय सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी।

संघर्ष-विराम उल्लंघन की कम घटनाएं-

भारत और पाकिस्तान द्वारा 25 फरवरी 2021 को संघर्ष-विराम समझौते को नवीनीकृत करने के बाद से नियंत्रण रेखा पर संघर्ष-विराम उल्लंघन की बहुत कम घटनाएं दर्ज की गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा पर तारकुंडी क्षेत्र में अग्रिम चौकी पर बिना उकसावे के गोलीबारी कर संघर्ष-विराम का उल्लंघन किया, जिसका भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।

पाकिस्तानी सेना का वीडियो प्रसारित-

सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी का वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह मारे गए सैनिकों को श्रद्धांजलि देते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो पर तारीख का जिक्र नहीं है। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना का एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) आज शाम उस समय मामूली रूप से घायल हो गया, जब उसने गलती से एक बारूदी सुरंग पर पैर रख दिया।

नियंत्रण रेखा पर स्थिति तनावपूर्ण-

उन्होंने बताया कि मेंढर निवासी जेसीओ आतंकवादियों की घुसपैठ रोकने के लिए नियंत्रण रेखा पर कड़ी निगरानी रखने वाले गश्ती दल का हिस्सा थे। घायल अधिकारी को सैन्य अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पिछले सप्ताह सीमा पार से शत्रुतापूर्ण गतिविधियों में वृद्धि के बाद नियंत्रण रेखा पर स्थिति तनावपूर्ण है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें