Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

पर्यटकों के लिए खुशखबरी: डल झील और झेलम नदी पर दौड़ेगी जल मेट्रो

November 1, 2025

पर्यटकों के लिए खुशखबरी: डल झील और झेलम नदी पर दौड़ेगी जल मेट्रो

जम्मू-कश्मीर डेस्क: कश्मीर घाटी के लोगों और सैलानियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही श्रीनगर की मशहूर डल झील और झेलम नदी की लहरों पर जल मेट्रो दौड़ती नजर आएगी। इसके लिए भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और जम्मू-कश्मीर सरकार के बीच शुक्रवार को एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस परियोजना से श्रीनगर देश का दूसरा ऐसा शहर बन जाएगा, जहां जल मेट्रो की सुविधा मिलेगी। अभी तक यह सुविधा केवल केरल के कोच्चि शहर में ही मौजूद है।

900 करोड़ रुपये की लागत

करीब 900 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत डल झील पर 10 टर्मिनलों वाले 5 मार्ग और झेलम नदी पर 8 टर्मिनलों वाले 2 मार्ग तैयार किए जाएंगे। जल मेट्रो को कोच्चि जल मेट्रो प्रोजेक्ट की तर्ज पर बनाया जाएगा। इस मौके पर परिवहन मंत्री सतीश शर्मा, परिवहन सचिव अवनी लवासा और कश्मीर के आरटीओ काजी इरफान मौजूद रहे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को इस दौरान औपचारिक रूप से समझौता ज्ञापन सौंपा गया।

ये भी पढ़ें: हरियाणा में किया जा रहा स्टेट ओलंपिक गेम्स 2025 का आयोजन, 10 जिलों में 24 जगहों पर होंगी खेल प्रतियोगिताएं

समझौते के अनुसार, जम्मू-कश्मीर सरकार परियोजना के लिए जरूरी अनुमतियां, भूमि अधिग्रहण और बुनियादी ढांचे के विकास का कार्य संभालेगी। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जल मेट्रो को श्रीनगर के शहरी परिवहन तंत्र से जोड़ा जा सके ताकि यात्रियों को पहले और आखिरी पड़ाव तक आसान कनेक्टिविटी मिल सके। वहीं IWAI इस परियोजना के लिए तकनीकी मार्गदर्शन और विशेषज्ञ सहायता प्रदान करेगा।

पर्यावरण के अनुकूल होगा जल परिवहन

जल मेट्रो परियोजना में इलेक्ट्रिक-हाइब्रिड नौकाओं का उपयोग किया जाएगा ताकि यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल रहे। इन नावों से कार्बन उत्सर्जन बहुत कम होगा, जिससे श्रीनगर की खूबसूरत झीलों की प्राकृतिक सुंदरता बनी रहेगी। यह सिस्टम स्थानीय लोगों के लिए तेज, सुरक्षित और सस्ता परिवहन साधन प्रदान करेगा और साथ ही पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनेगा।

क्या है जल मेट्रो?

जल मेट्रो एक ऐसी मेट्रो सेवा है, जो पानी पर चलती है। इसकी डिजाइन और सुविधाएं बिल्कुल मेट्रो ट्रेन जैसी होती हैं। यात्री इसमें कम किराये में आराम से एक जगह से दूसरी जगह जा सकते हैं। यह न केवल समय की बचत करती है बल्कि प्रदूषण भी कम करती है। पानी पर सफर करने का अनुभव यात्रियों के लिए रोमांचक और सुहावना होता है।

कोच्चि में बनीं थी पहली जल मेट्रो

भारत में पहली जल मेट्रो केरल के कोच्चि में शुरू की गई थी। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल 2023 में किया था। कोच्चि जल मेट्रो 10 द्वीपों को जोड़ने वाला एक आधुनिक जल परिवहन नेटवर्क है, जहां 78 इलेक्ट्रिक नावों के जरिये हर दिन हजारों लोग सफर करते हैं।

ये भी पढ़ें: Breaking : वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में मची भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की मौत, कई गंभीर जख्मी

श्रीनगर के लिए बड़ा कदम

विशेषज्ञों का कहना है कि श्रीनगर में जल मेट्रो शुरू होने से न सिर्फ यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी बल्कि यह पर्यटन को भी नई उड़ान देगी। डल झील और झेलम नदी पर सफर करने वाले यात्री प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हुए तेज, सस्ता और पर्यावरण हितैषी यात्रा अनुभव कर सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें