Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

केतन ने शादी के लिए बुक किया था 17 करोड़ का महल, पिता का छलका दर्द- मना कर देती, बेटे को क्यों मारा

June 24, 2026

केतन ने शादी के लिए बुक किया था 17 करोड़ का महल, पिता का छलका दर्द- मना कर देती, बेटे को क्यों मारा

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद अब महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। इस बार एक युवती पर अपने होने वाले पति की हत्या करवाने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और फिर घटना को हादसा बताने की कोशिश की।

ट्रेकिंग के दौरान हुई थी मौत

पुणे के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से संबंध रखने वाले 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की 18 जून को लोहगढ़ किले के पास ट्रेकिंग के दौरान मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि ट्रेकिंग करते समय उनका पैर फिसल गया और वे गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई। पहली नजर में यह एक दुर्घटना लग रही थी, लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिन्होंने पूरे मामले को हत्या की साजिश में बदल दिया।

जल्द होने वाली थी शादी

केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई हो चुकी थी और इसी साल दोनों की शादी तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। बताया जा रहा है कि शादी समारोह के लिए जयपुर के एक भव्य महल को करोड़ों रुपये खर्च कर बुक किया गया था। शादी से पहले दोनों बाली जाने वाले थे, जहां उनका प्री-वेडिंग फोटोशूट होना था। हालांकि यह यात्रा आखिरी समय में रद्द हो गई क्योंकि केतन का पासपोर्ट अचानक गायब हो गया था।

पुलिस जांच में सामने आई साजिश

केतन की मौत के बाद सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खिंचवाने के दौरान केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गए। इस घटना के बाद लोगों ने सिया के प्रति सहानुभूति जताई थी। उसने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की थी, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले, जिनसे कहानी बदल गई। पुलिस के अनुसार, सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दिया था और बाद में इसे दुर्घटना साबित करने की कोशिश की, जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सिया ने पहली बार 31 मई को केतन को लोहगढ़ किले पर ले जाकर हत्या की योजना बनाई थी। इसके बाद 14 जून को भी ऐसी कोशिश की गई, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इन घटनाओं के बावजूद केतन को अपनी मंगेतर पर किसी तरह का शक नहीं हुआ था।

CCTV फुटेज से खुला राज

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने किले की ओर जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक नजर आया, जो लगातार केतन और सिया की गाड़ी का पीछा कर रहा था। पुलिस को उस युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं क्योंकि गर्म मौसम होने के बावजूद उसने हुडी पहन रखी थी। एक फुटेज में देखा गया कि सिया पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय वह युवक झुककर छिपने की कोशिश करता है। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया। जांच में उस युवक की पहचान 22 वर्षीय चेतन चौधरी के रूप में हुई, जो सिया का कथित प्रेमी बताया जा रहा है। पुलिस पूछताछ में सिया ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह यह शादी नहीं करना चाहती थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

 

केतन के पिता ने बयां किया दर्द

केतन की मौत के बाद उनके पिता विशाल अग्रवाल ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ तौर पर मना कर सकती थी। परिवार शादी रद्द करने के लिए तैयार हो जाता, लेकिन किसी की जान लेना किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। उनका 26 साल का बेटा उनसे हमेशा के लिए छिन गया और समाज को ऐसी घटनाओं के पीछे की मानसिकता पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।

 

कौन थे केतन अग्रवाल?

केतन अग्रवाल पुणे के प्रसिद्ध उद्योगपति विशाल अग्रवाल के बेटे थे। वह परिवार के रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए थे और कंपनी में डायरेक्टर तथा चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की थी और सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बीबीए की डिग्री हासिल की थी। केतन को नवाचार और पर्यावरण से जुड़े विषयों में विशेष रुचि थी और वह कई सामाजिक तथा व्यावसायिक परियोजनाओं पर काम कर रहे थे।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें