Landslide in North Sikkim: गंगटोक: हिमालयी राज्य सिक्किम के उत्तर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बड़े पैमाने पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इसके कारण लाचुंग और लाचेन जैसे लोकप्रिय पर्वतीय पर्यटन स्थलों में करीब एक हजार से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों के बीच फिलहाल सभी पर्यटक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
– फंसे हुए पर्यटकों के लिए रेस्क्यू जारी
पुलिस के अनुसार, चुंगथांग क्षेत्र में गुरुवार को लगभग 200 पर्यटक वाहन फंस गए। सभी पर्यटक पास के एक गुरुद्वारे में आश्रय लिए हुए हैं। चुंगथांग, राज्य की राजधानी गंगटोक से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है।
-बारिश के चलते हो रहीं मुश्किलें
प्रशासन ने बताया कि लाचेन-चुंगथांग मार्ग पर मुंशीथांग और लाचुंग-चुंगथांग मार्ग पर लेमा/बॉब के पास भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। लगातार बारिश के चलते राहत कार्यों में भी कठिनाई आ रही है।
-जिला प्रशासन ने टूर ऑपरेटरों को दिए निर्देश
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी टूर ऑपरेटरों को निर्देश दिए हैं कि वे शुक्रवार से अग्रिम आदेशों तक किसी भी पर्यटक को उत्तर सिक्किम न ले जाएं। साथ ही 25 अप्रैल को जारी किए गए सभी यात्रा परमिट भी रद्द कर दिए गए हैं। लाचेन और लाचुंग क्षेत्र गुरुडोंगमार झील और युमथांग घाटी जैसे प्रमुख आकर्षणों के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। स्थानीय प्रशासन और सेना की मदद से फंसे पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें की जा रही हैं।