Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान की शुरुआत, पीएम मोदी ने युवाओं से किया नशे से दूर रहने का आह्वान

August 2, 2026

‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ अभियान की शुरुआत, पीएम मोदी ने युवाओं से किया नशे से दूर रहने का आह्वान

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प अभियान की शुरुआत की। इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य देश के युवाओं को नशे की लत से दूर रखना और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है। इस कार्यक्रम में देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों से एक करोड़ से ज्यादा युवाओं ने भाग लिया। प्रधानमंत्री के संबोधन से पहले सभी युवाओं ने एक साथ नशा मुक्त भारत बनाने की शपथ ली।

पीएम मोदी बोले- विकसित भारत के लिए स्वस्थ युवा जरूरी
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरा देश एक बड़े और पवित्र संकल्प के लिए एकजुट हुआ है। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सभी संतों, राज्यपालों, मुख्यमंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं है, बल्कि पूरे परिवार, समाज और देश के भविष्य से जुड़ा हुआ है। यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो देश के युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना बेहद जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा आत्मविश्वास से भरपूर हों और ड्रग्स जैसी खतरनाक आदतों से दूर रहें। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर इस अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने सभी युवाओं से अपील की कि वे नशे के नुकसान को समझें और खुद भी इससे दूर रहें तथा दूसरों को भी जागरूक करें।

देश के बड़े आध्यात्मिक गुरु भी हुए शामिल
इस कार्यक्रम में कई प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु भी शामिल हुए। इनमें पूज्य अम्मा, गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, पूज्य दाजी, डॉ. चिन्मय पंड्या और स्वामी ब्रह्मविहारीजी प्रमुख रहे। इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम मंव भाग लिया।

125 से अधिक संस्थाओं का मिला सहयोग
यह अभियान 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और औद्योगिक संघों के सहयोग से चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज, इस्कॉन, चिन्मय मिशन और ऑरोविले जैसे प्रमुख आध्यात्मिक संगठनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी अपनी भागीदारी निभाई।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर भी दी जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और उन्हें समाज में अच्छे बदलाव का नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि 100 सप्ताह तक चलने वाला देशव्यापी जनभागीदारी अभियान होगा।

हर रविवार होंगे जागरूकता कार्यक्रम
प्रधानमंत्री ने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक देशभर में हर रविवार अलग-अलग तरह की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को नशे के नुकसान के बारे में जागरूक करना और समाज को इस अभियान से जोड़ना है। इस अभियान में 10 हजार से अधिक स्थानों पर युवा सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इसके साथ ही MY Bharat, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, युवा क्लब, गैर-सरकारी संगठन (NGO) और आध्यात्मिक संस्थाएं भी इसमें सहयोग करेंगी।

युवाओं को बनाया जाएगा बदलाव का दूत
सरकार का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल युवाओं को नशे से दूर रखना नहीं है, बल्कि उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का दूत बनाना भी है। सरकारी बयान के अनुसार, यह अभियान पूरे देश में नशे के खिलाफ एक जनआंदोलन का रूप लेगा, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इन गतिविधियों के जरिए फैलाई जाएगी जागरूकता
अभियान के तहत हर सप्ताह अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें शामिल होंगे—

-खेल प्रतियोगिताएं

-वॉकाथॉन और दौड़

-योग और ध्यान सत्र

-सांस्कृतिक कार्यक्रम

-नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

-नुक्कड़ नाटक

-चर्चा और संवाद कार्यक्रम

-चित्रकला और कला प्रतियोगिताएं

-सामुदायिक भागीदारी कार्यक्रम

-इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

सामूहिक प्रयास से बनेगा नशामुक्त भारत
इस अभियान के माध्यम से सरकार शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, उद्योग जगत और आध्यात्मिक संगठनों को एक मंच पर लाना चाहती है। इसका लक्ष्य लोगों की भागीदारी बढ़ाकर पूरे देश में नशे के खिलाफ एक मजबूत जनआंदोलन खड़ा करना है। सरकार का मानना है कि जब समाज का हर वर्ग मिलकर इस दिशा में काम करेगा, तभी भारत को नशामुक्त बनाना और विकसित भारत का सपना साकार करना संभव होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें